मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद्र) नीमराना उपखंड के शाहजहांपुर थाना क्षेत्र के चौबारा गांव में शुक्रवार को 11 केवी हाईटेंशन लाइन गिरने से अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि उस समय वहां से कोई राहगीर नहीं गुजर रहा था, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। ग्रामीणों ने बताया कि यह लाइन वर्षों पुरानी और कई स्थानों पर जोड़ों से जुड़ी हुई है, जो इसे बेहद खतरनाक और अस्थिर बना देती है।

वर्ष 2023 में इसी लाइन के ढीले तारों की चपेट में आकर दो कांवड़ियों की मौत भी हो चुकी है। इसके बावजूद बिजली विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। ग्रामीणों ने बिजली विभाग को नई लाइन बिछाने के लिए लिखित में शिकायत भी दी थी, लेकिन विभाग की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।

ग्रामीणों की मांग है कि पुरानी लाइन हटाकर नई हाईटेंशन लाइन बिछाई जाए, मुख्य रास्ते से लाइन को हटाकर वैकल्पिक मार्ग से निकाला जाए और दोषी अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाए। अगर समय रहते इस गंभीर समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो भविष्य में कोई बड़ी दुर्घटना प्रशासन की लापरवाही का परिणाम बन सकती है।

विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता देशराज यादव एवं सहायक अभियंता नीमराना गजेंद्र यादव से फोन पर कई बार संपर्क किया गया, लेकिन कोई जवाब नहीं दिया गया।
