नीमराणा का गौरव: राष्ट्रपति वीरता पदक से सम्मानित हुए अजय यादव

मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद्र) नीमराना के डाबड़वास की ढाणी के रहने वाले सीआरपीएफ के एएसआई अजय यादव को उनकी अदम्य वीरता के लिए राष्ट्रपति वीरता पदक से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें दिल्ली में आयोजित समारोह में 27 जुलाई को सीआरपीएफ के 87वें स्थापना दिवस के मौके पर प्रदान किया गया।

अजय यादव के भाई मुकेश यादव ने बताया कि यह सम्मान उन्हें उस साहसी ऑपरेशन के लिए मिला है, जब वे हेड कांस्टेबल के पद पर कार्यरत थे और झारखंड में सीआरपीएफ की 209 कोबरा बटालियन के साथ तैनात थे। उन्होंने नक्सलियों की भारी गोलीबारी का डटकर सामना करते हुए जवाबी कार्रवाई की और पांच खूंखार नक्सलियों को मार गिराया।

6 अगस्त को गांव में होगा भव्य स्वागत समारोह
अजय यादव के गांव लौटने पर 6 अगस्त को ग्रामीणों द्वारा उनका भव्य स्वागत और अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर जाट वाले बाबा की सवामणी का आयोजन भी किया जाएगा। अजय यादव की इस उपलब्धि पर न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे गांव और क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है। यह सम्मान न केवल अजय यादव की व्यक्तिगत वीरता का प्रतीक है, बल्कि नीमराना क्षेत्र के लिए भी गर्व का क्षण है।