शाहजहांपुर में मां भगवती का 18वां विशाल जागरण: भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम

मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद्र) नीमराना उपखंड क्षेत्र के शाहजहांपुर कस्बे के रायसर तालाब मैदान में मंगलवार रात्रि को मां भगवती का 18वां विशाल जागरण अत्यंत भव्य रूप से आयोजित किया गया। श्री गणेश सेवा समिति, शाहजहांपुर के तत्वाधान में हुए इस आयोजन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा पंडाल “जय माता दी” के जयकारों से गूंज उठा।

श्री गणेश सेवा समिति के अध्यक्ष रमेश चंद्र सैनी ने बताया कि जागरण का उद्देश्य समाज में भक्ति, एकता और संस्कारों को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. दीपिका यादव एवं डॉ. सूर्या यादव (सोनी देवी हॉस्पिटल नीमराना), राजा सोनी (घीलौट इंडस्ट्रीज संगठन महासचिव एवं सन होम कंपनी), मुंडावर विधायक ललित यादव के प्रतिनिधि लोकेश यादव, समाजसेवी संदीप दुर्घेड़िया, सरपंच प्रतिनिधि रूपेश यादव, पंचायत समिति सदस्य ऋषि राज यादव, समाजसेवी दीपक यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन राजा पंडित ने किया।

मां भगवती का भव्य दरबार सजाया गया, जिसमें पंडित पूर्ण शर्मा द्वारा विधिविधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की खुशहाली और समृद्धि की कामना की गई। जागरण में प्रसिद्ध कलाकारों सुमित कलानौरिया, जॉनी मौला (रेवाड़ी), पूजा शर्मा (मुजफ्फरनगर), विक्की सूफी (दिल्ली) और रश्मि यादव (सोनीपत) ने एक से बढ़कर एक भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भक्ति रस में डुबो दिया। वहीं चिराग महाकाली (रेवाड़ी) की प्रस्तुत आकर्षक झांकियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।

अतिथियों का स्वागत समिति अध्यक्ष रमेश सैनी, उपाध्यक्ष बलदेव सिंह चौहान, कोषाध्यक्ष करण जोशी, सोनू लखेरा, सोनू सैनी, महेश यादव, राजेंद्र यादव पंच, और महेंद्र गौड़ आदि ने माला, साफा पहनाकर व मोमेंटो भेंट कर किया। पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत माहौल बना रहा। मां भगवती के जयकारों के साथ देर रात तक कार्यक्रम चलता रहा, जो श्रद्धालुओं के लिए आस्था और भक्ति का अद्वितीय अनुभव रहा।