
मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद्र) नीमराना उपखंड क्षेत्र शाहजहांपुर पुलिस ने डबल मर्डर मामले में बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें अजीत कुमार उर्फ दाना, इंद्रजीत उर्फ कोतवाल, राकेश यादव उर्फ टकली, नरवीर यादव उर्फ कालिया, मंजीत यादव उर्फ बोहरा और नितिन उर्फ खोटा शामिल हैं।

वारदात का खुलासा
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने OLX ऐप के जरिए सस्ते जनरेटर का झांसा देकर बलिया निवासी अशोक सिंह और उनके मिस्त्री विकास कुमार को जयपुर बुलाया था। इसके बाद उन्हें नारनौल ले जाकर बंधक बना लिया और उनके बैंक खातों से 7 लाख रुपये निकाल लिए। जब अशोक सिंह ने अपने दूसरे खाते के पासवर्ड व यूजर आईडी नहीं बताए, तो आरोपियों ने उनकी गला दबाकर हत्या कर दी और शवों को शाहजहांपुर थाना क्षेत्र के दो कुओं में फेंक दिया।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। अजीत उर्फ दानसिंह पर बहरोड, शाहजहांपुर, नीमराना, बहरोड सदर में विभिन्न धाराओं में 9 मामले दर्ज हैं। इंद्रजीत उर्फ कोतवाल पर भी 9 मामले दर्ज हैं। राकेश उर्फ टकली पर शाहजहांपुर और मुंडावर थाने में 4 मामले दर्ज हैं। मंजीत उर्फ बोहरा पर नारनौल में मामला दर्ज है।

पुलिस की कार्रवाई
शाहजहांपुर पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए विशेष टीम का गठन किया था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ साइबर ठगी और हत्या के मामले दर्ज किए हैं। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों के नेटवर्क के बारे में पता लगाने की कोशिश कर रही है।





