रैफल्स यूनिवर्सिटी में 8वां सुराना एंड सुराना लेबर लॉ मूट कोर्ट प्रतियोगिता सम्पन्न

मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद्र) नीमराना, राजस्थान में रैफल्स यूनिवर्सिटी में 8वां सुराना एंड सुराना – रैफल्स लॉ स्कूल लेबर लॉ मूट कोर्ट प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। देशभर के प्रतिष्ठित विधि संस्थानों की टीमों ने इसमें भाग लेकर अपनी विधिक दक्षता का प्रदर्शन किया।

समापन समारोह के मुख्य अतिथि जस्टिस सतीश शर्मा ने कहा, “नैतिक वकील को ही समाज में सच्चा सम्मान मिलता है। सफलता का वास्तविक मापदंड धन नहीं, बल्कि चरित्र और सेवा भाव है।” उन्होंने छात्रों को दूसरों के प्रति सहानुभूति, सद्व्यवहार और प्रतिदिन एक व्यक्ति को खुश करने का संकल्प लेने की प्रेरणा दी।

आर्मी इंस्टिट्यूट ऑफ लॉ की टीम ने जीता खिताब

प्रतियोगिता में आर्मी इंस्टिट्यूट ऑफ लॉ, मोहाली की टीम — शिवानी, लक्ष्मी और सोनम — ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया।

कार्यक्रम के उद्घाटन समारोह की मुख्य अतिथि डॉ. जस्टिस मीना वी. गोम्बर रहीं। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि मूट कोर्ट प्रतियोगिताएं विधि छात्रों के लिए न केवल व्यावहारिक अनुभव का अवसर देती हैं, बल्कि तर्क, शोध और नैतिकता जैसे मूल्यों का विकास भी करती हैं।

सुराना एंड सुराना इंटरनेशनल अटॉर्नीज़ की ओर से उपस्थित प्रीतम सुराना ने रैफल्स यूनिवर्सिटी के शैक्षणिक सहयोग और विधि शिक्षा में योगदान की सराहना की। उन्होंने स्वर्गीय विनोद कुमार गोम्बर के सामाजिक योगदान को भी याद करते हुए कहा कि यह साझेदारी युवा विधि छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत है।