नववर्ष पर कानून व्यवस्था को लेकर पुलिस-होटल संचालकों की बैठक

जयपुर, 29 दिसंबर।
नववर्ष की पूर्व संध्या और नववर्ष के दौरान जयपुर शहर में शांति, सुरक्षा और बेहतर कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट जयपुर में विशेष पुलिस आयुक्त श्री राहुल प्रकाश एवं अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) श्री राजीव प्रचार ने शहर के होटल, रेस्टोरेंट और बार संचालकों के साथ समन्वय बैठक की।
बैठक में विशेष पुलिस आयुक्त श्री राहुल प्रकाश ने होटल व बार संचालकों से सहयोग की अपील करते हुए महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी प्रतिष्ठानों में सीसीटीवी कैमरे दुरुस्त रखें जाएं तथा महिला सुरक्षाकर्मियों की भी तैनाती सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही डीजे और माइक का उपयोग नियमानुसार करने और हुक्का बार पर लगे प्रतिबंध की पूर्ण पालना करने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने कहा कि नववर्ष की पूर्व संध्या पर शराब सेवन के बाद वाहन चलाने की घटनाओं में वृद्धि होती है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है। “ड्रिंक एंड ड्राइव” न केवल वाहन चालक बल्कि अन्य नागरिकों के जीवन के लिए भी खतरनाक है। ऐसे में होटल, रेस्टोरेंट और बार संचालकों की भी सामाजिक जिम्मेदारी बनती है कि वे इस दिशा में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
इसी क्रम में निर्णय लिया गया कि प्रत्येक होटल, रेस्टोरेंट और बार अपने ग्राहकों को बिल के साथ 3×3 इंच आकार की गुलाबी स्लिप देगा, जिस पर स्पष्ट रूप से “शराब पीकर वाहन न चलाएं” लिखा होगा। इसके अलावा प्रत्येक प्रतिष्ठान के अंदर और बाहर चार-चार गुलाबी पोस्टर (2×2.5 फीट) लगाए जाएंगे, जिनमें से कम से कम एक पोस्टर प्रसाधन क्षेत्र में लगाना अनिवार्य होगा।
बैठक में यह भी तय किया गया कि संबंधित थानाधिकारी अपने क्षेत्र के सभी होटल, रेस्टोरेंट और बार प्रबंधन से व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर 30 दिसंबर 2025 तक इन स्लिप और पोस्टर को स्वैच्छिक रूप से छपवाने और चस्पा कराने के लिए प्रेरित करेंगे। साथ ही प्रत्येक प्रतिष्ठान के लिए एक कांस्टेबल या हेड कांस्टेबल को नोडल पुलिस अधिकारी नियुक्त किया जाएगा, जो होटल प्रबंधन के साथ समन्वय बनाए रखेगा।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस पहल का उद्देश्य नववर्ष के दौरान सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण, यातायात सुरक्षा को मजबूत करना और जयपुर शहर में शांतिपूर्ण व सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करना है।