आधुनिक चिकित्सा उपकरणों से बी.डी.एम. अस्पताल को मिली नई मजबूती, आमजन को होगा सीधा लाभ — हंसराज पटेल

राजकीय बी.डी.एम. अस्पताल में नवीन स्वास्थ्य सुविधाओं का लोकार्पण


कोटपूतली।

कोटपूतली स्थित राजकीय बी.डी.एम. अस्पताल में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए नवीन चिकित्सा उपकरणों का उद्घाटन कर उन्हें आमजन को समर्पित किया गया। इस अवसर पर विधायक हंसराज पटेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि मरीजों को उपचार के लिए बाहर नहीं जाना पड़े।
अस्पताल में मदर लैब, अस्थि रोग विभाग के लिए सी-आर्म अनुकूल विद्युत शल्य चिकित्सा मेज तथा एलेंजर सी-आर्म मशीन सहित अत्याधुनिक चिकित्सा उपकरणों की शुरुआत की गई। इन सुविधाओं के शुरू होने से मरीजों को सटीक जांच, बेहतर शल्य चिकित्सा और त्वरित उपचार की सुविधा मिलेगी, जिससे उपचार की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा।
विधायक हंसराज पटेल ने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए मजबूत स्वास्थ्य ढांचा आवश्यक है और इसी उद्देश्य से निरंतर संसाधन एवं सुविधाएं बढ़ाई जा रही हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी अस्पताल को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी पुष्कर गुर्जर, संयुक्त निदेशक जयपुर जोन यदुराज सिंह नाथावत सहित अन्य अधिकारी, चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को जनस्वास्थ्य के लिए दूरदर्शी कदम बताते हुए इसकी सराहना की।

REPORT –SEETARAM GUPTA (KOTPUTLI)