
मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद्र) नीमराना – नए साल के अवसर पर गुरुवार शाम को नीमराना पुलिस थाना की ओर से सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कोटपूतली बहरोड एसपी देवेंद्र कुमार बिश्नोई मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन, वाहन चालक, बाइकर्स और युवाओं को सड़क सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और दुर्घटनाओं से बचाव के प्रति जागरूक करना था। स्वर्गीय समाजसेवी इंद्र गुर्जर की स्मृति में भामाशाह सतीश गुर्जर, मनोज दोराता, गौरव और संजय की ओर से 200 बाइकर्स को हेलमेट वितरित किए गए।
एसपी बिश्नोई ने कहा कि सड़क सुरक्षा किसी एक दिन या किसी एक अभियान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक के जीवन से सीधे जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि अधिकांश सड़क दुर्घटनाएं मानवीय त्रुटियों के कारण होती हैं और इन्हें थोड़ी सी सावधानी और नियमों के पालन से आसानी से रोका जा सकता है। उन्होंने अनुशासन को सड़क पर सबसे बड़ी सुरक्षा बताया और हेलमेट, सीट बेल्ट, गति सीमा और यातायात संकेतों का पालन करने का आग्रह किया।
थाना पुलिस की ओर से एसपी बिश्नोई को पुलिस उपमहानिरीक्षक पद पर पदोन्नति मिलने पर थाना परिसर में केक काटकर नव वर्ष की शुभकामनाएं दी गईं। इसके बाद सड़क सुरक्षा अभियान के तहत बाइक रैली निकाली गई। एसपी ने पुलिस कर्मियों को हेलमेट पहनाया। एसपी साहब का पुलिस उपमहानिरीक्षक पद पर पदोन्नति मिलने के उपलक्ष में समस्त पुलिस स्टाफ व पत्रकारों ने उन्हें गुलदस्ता भेंट कर बधाई दी।






