
मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद) नीमराना – नगरपालिका क्षेत्र के माजरीकलां-नीमराना सड़क मार्ग पर स्थित गांव कुन्दनसिंहपुरा के सती माता मंदिर परिसर में शुक्रवार को ग्रामीणों की ओर से पांचवें विशाल मेला एवं भंडारे का भव्य आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था और उल्लास से सराबोर इस आयोजन में दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शीतल नाथ महाराज (कालीया पहाड़), बाबा खेतानाथ मंदिर जोशीहोड़ा के महंत शंकर नाथ महाराज, सिद्ध सेवा धाम मांढन के महंत अनिल पुरोहित तथा सुमित गिरी (माजरीकलां) मौजूद रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक मुंडावर ललित यादव, नीमराना नगर कांग्रेस अध्यक्ष वेद प्रकाश सैनी, समाजसेवी रविंद्र यादव, ओम प्रकाश एवं नित्यानंद ने शिरकत की।

सती माता मंदिर में श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक दर्शन कर भंडारे में पंगत प्रसादी ग्रहण की। इसके साथ ही आयोजित रागनी प्रतियोगिता में कलाकारों ने सती माता का गुणगान कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। रागनी कार्यक्रम में गायक कलाकार संजय कसाना, सुभाष चन्द्र दौचाणिया, अंजु चौधरी, मुस्कान बेबी, ऋतु शर्मा (कोसली), मुकेश कुमार सहित अन्य कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। मंच संचालन रामपाल कुमावत ने किया।

इस धार्मिक आयोजन में कुन्दनसिंहपुरा गांव के ग्रामीणों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे दिन मंदिर परिसर में भक्ति, सेवा और सामाजिक सौहार्द का वातावरण बना रहा, जिससे मेला एवं भंडारा क्षेत्र में धार्मिक आस्था का अनुपम उदाहरण बन गया।






