प्रथम राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जंबूरी की तैयारियों को लेकर राज्य मुख्यालय जयपुर पर मूट–मीट सह तैयारी शिविर, जयपुर, सीकर व दौसा के रोवर–रेंजर ले रहे हैं सहभागिता
जयपुर।





छत्तीसगढ़ राज्य में भारत स्काउट व गाइड द्वारा आयोजित की जा रही प्रथम राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जंबूरी में राजस्थान दल की सशक्त और प्रभावी सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड मंडल मुख्यालय, जयपुर पर रोवर–रेंजर मूट–मीट सह प्रथम राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जंबूरी तैयारी शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में जयपुर डिविजन की ओर से जयपुर, सीकर और दौसा जिलों के रोवर–रेंजर उत्साह और अनुशासन के साथ भाग ले रहे हैं।
शिविर के दौरान रोवर–रेंजर राष्ट्रीय जंबूरी में प्रस्तुत की जाने वाली गतिविधियों की गहन और व्यवस्थित तैयारी कर रहे हैं। इनमें नृत्य, मार्च पास्ट, कलर पार्टी, फूड प्लाजा, कैंप क्राफ्ट, प्रदर्शनी, एथेनिक फैशन शो सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का अभ्यास कराया जा रहा है। प्रशिक्षण के माध्यम से रोवर–रेंजरों में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, अनुशासन, सेवा भाव और रचनात्मक कौशल को और अधिक निखारा जा रहा है, ताकि राष्ट्रीय मंच पर राजस्थान दल की प्रस्तुति प्रभावशाली और प्रेरणादायी बन सके।
तैयारी शिविर का राज्य संगठन आयुक्त पूर्ण सिंह शेखावत ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शिविर में संचालित विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने रोवर–रेंजरों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय रोवर–रेंजर जंबूरी स्काउटिंग आंदोलन का गौरवशाली मंच है, जहां प्रत्येक प्रतिभागी अपने राज्य की पहचान और संस्कृति का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने कहा कि रोवर–रेंजरों को पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ तैयारी कर राष्ट्रीय जंबूरी में राजस्थान का नाम रोशन करते हुए सफलता का परचम फहराना है।
शिविर के दौरान सहायक राज्य संगठन आयुक्त दामोदर प्रसाद शर्मा ने भी रोवर–रेंजरों को संबोधित करते हुए कहा कि जंबूरी केवल प्रतियोगिताओं का मंच नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण, नेतृत्व विकास और सेवा भावना को सुदृढ़ करने का अवसर है। उन्होंने रोवर–रेंजरों से निरंतर अभ्यास, आपसी समन्वय और सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। सहायक राज्य संगठन आयुक्त गाइड नीता शर्मा ने कहा कि अनुशासन और टीम वर्क के माध्यम से ही राष्ट्रीय स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन संभव है।
शिविर का वातावरण पूरे समय ऊर्जा, अनुशासन और सीखने की भावना से ओतप्रोत रहा। अभ्यास सत्रों के साथ-साथ रोवर–रेंजरों को समूह कार्य, नेतृत्व प्रशिक्षण और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से मानसिक व शारीरिक रूप से राष्ट्रीय जंबूरी के लिए तैयार किया जा रहा है। प्रशिक्षकों और स्टाफ द्वारा प्रत्येक गतिविधि पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिससे जंबूरी में राजस्थान दल की प्रस्तुति यादगार बन सके।
शिविर में सीईओ शरद शर्मा, सीओ स्काउट प्रदीप, सीओ स्काउट बसंत लाटा, गाइड इंदु तंवर, मनोज शर्मा, सीताराम गुप्ता, ललित कुमार प्रजापत, विवेक कुमार, अतुल कुमार सहित अनेक स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
Report-seetaram gupta ( kotputli)





