जिला पुलिस कोटपूतली-बहरोड वॉलीबॉल प्रतियोगिता 2026 का सफल आयोजन, एसपी कार्यालय टीम रही विजेता


रिजर्व पुलिस लाइन में फाइनल मुकाबला, डीआईजी–एसपी देवेंद्र कुमार बिश्नोई ने विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की


कोटपूतली-बहरोड।

जिला पुलिस कोटपूतली-बहरोड की ओर से वॉलीबॉल प्रतियोगिता 2026 का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। प्रतियोगिता के दौरान आयोजित समापन समारोह में देवेंद्र कुमार बिश्नोई, आईपीएस, उप महानिरीक्षक पुलिस सह पुलिस अधीक्षक, जिला कोटपूतली-बहरोड मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ नाजिम अली खान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, जिला कोटपूतली-बहरोड तथा राजेंद्र बुरड़क उप पुलिस अधीक्षक, कोटपूतली की उपस्थिति रही। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के अंतर्गत 3 जनवरी 2026 को वृत बानसूर और वृत विराटनगर की टीमों के मध्य मुकाबला खेला गया, जिसमें वृत विराटनगर की टीम विजेता रही। इसी दिन वृत बहरोड और वृत नीमराना की टीमों के बीच हुए मैच में वृत नीमराना की टीम ने जीत दर्ज की। 4 जनवरी 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन कोटपूतली में यातायात शाखा कोटपूतली और वृत कोटपूतली की टीमों के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें यातायात शाखा की टीम विजेता रही।
5 जनवरी 2026 को वृत नीमराना और पुलिस अधीक्षक कार्यालय की टीमों के बीच खेले गए मैच में पुलिस अधीक्षक कार्यालय की टीम ने विजय प्राप्त की। इसके बाद वृत विराटनगर और यातायात शाखा के बीच हुए मुकाबले में यातायात शाखा की टीम विजेता रही। फाइनल मैच रिजर्व पुलिस लाइन कोटपूतली-बहरोड में पुलिस अधीक्षक कार्यालय और यातायात शाखा की टीमों के बीच खेला गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक कार्यालय की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया।
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि द्वारा विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की गई। प्रतियोगिता के माध्यम से पुलिस कर्मियों में खेल भावना, टीम वर्क और आपसी समन्वय को बढ़ावा मिला।

Report -seetaram gupta kotputli