सक्षम जयपुर अभियान : बस्सी में नारी चौपाल का आयोजन

जयपुर, 07 जनवरी। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा की मंशा के अनुरूप जयपुर जिले में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए सक्षम जयपुर अभियान के तहत नारी चौपाल कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के निर्देश पर बस्सी उपखण्ड में नारी चौपाल का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में हजारों महिलाओं और बालिकाओं ने भाग लेकर आत्मनिर्भरता, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का प्रभावी प्रदर्शन किया। महिला अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक डॉ. राजेश डोगीवाल ने बताया कि चौपाल में आईएएस अधिकारी श्री मृणाल कुमार एवं उपखण्ड अधिकारी डॉ. गरिमा शर्मा की उपस्थिति रही।
नारी चौपाल के दौरान लोकगीत, लोकनृत्य, नुक्कड़ नाटक, आत्मरक्षा प्रशिक्षण एवं प्रेरक प्रस्तुतियों के माध्यम से महिलाओं को जागरूक किया गया। “मेरा काम—मेरा सम्मान” जैसे संदेशों ने स्वावलंबन का भाव मजबूत किया। विभिन्न क्षेत्रों में सफल महिलाओं ने अपने अनुभव साझा कर अन्य महिलाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास, चिकित्सा, शिक्षा, पुलिस सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने महिलाओं से संवाद कर सरकारी योजनाओं, स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षा की जानकारी दी। सहायता काउंटरों के माध्यम से मौके पर ही मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया गया।
महिलाओं ने बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ की शपथ ली तथा सक्षम जयपुर अभियान के समर्थन में हस्ताक्षर किए। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
प्रशासन ने बताया कि जयपुर जिले के सभी उपखण्डों में नारी चौपाल कार्यक्रम चरणबद्ध रूप से आयोजित किए जाएंगे, जिससे महिलाओं को सशक्त, जागरूक और आत्मनिर्भर बनाया जा सके।