राजकीय बीडीएम जिला चिकित्सालय में मानवता और नैतिक मूल्यों का सराहनीय उदाहरण
कोटपुतली | 08 जनवरी

राजकीय बीडीएम जिला चिकित्सालय, कोटपूतली में ईमानदारी और मानवीय मूल्यों का अनुकरणीय उदाहरण सामने आया। चिकित्सालय में कार्यरत प्रमुख विशेषज्ञ (मेडिसिन) डॉ. नरेश छिपी को अस्पताल परिसर में एक पर्स मिला, जिसमें 1910 रुपये नकद रखे हुए थे। डॉ. नरेश छिपी ने बिना किसी विलंब के पर्स नर्सिंग अधीक्षक पूर्ण सिंह शेखावत को सौंप दिया। इसी दौरान सुजातनगर निवासी नीरू पत्नी गोपाल सिंह अपने गुम हुए पर्स की तलाश में चिकित्सालय पहुंची। महिला द्वारा पर्स का रंग और उसमें रखी राशि की सही जानकारी दिए जाने पर उसकी पहचान की पुष्टि की गई। इसके बाद नर्सिंग अधीक्षक पूर्ण सिंह शेखावत एवं रघुनाथ सिंह की उपस्थिति में पर्स तथा उसमें रखी पूरी राशि सुरक्षित रूप से महिला को सौंप दी गई। इस अवसर पर चिकित्सालय प्रशासन ने डॉ. नरेश छिपी की ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्य समाज में विश्वास, नैतिकता और सकारात्मक मूल्यों को मजबूती प्रदान करते हैं।
REPORT –SEETARAM GUPTA (KOTPUTLI)





