

रिपोर्टर जावेद गोरी
जयपुर, 8 जनवरी। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सुदृढ़ कानून व्यवस्था की निर्णायक भूमिका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बनाए गए नए आपराधिक कानूनों से त्वरित न्याय की व्यवस्था मजबूत हुई है और आमजन का भरोसा बढ़ा है।
मुख्यमंत्री राजस्थान पुलिस अकादमी में आयोजित राज्य स्तरीय पुलिस सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में प्रदेश की कानून व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। वर्ष 2023 की तुलना में कुल अपराधों में 15 प्रतिशत, हत्या में 25 प्रतिशत और लूट की घटनाओं में 50 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है। महिला अत्याचार के मामलों में 10 प्रतिशत तथा अनुसूचित जाति-जनजाति के विरुद्ध अपराधों में 28 प्रतिशत की कमी आई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस प्रशिक्षण के नवाचारों के कारण राजस्थान पुलिस अकादमी को देश का उत्कृष्ट प्रशिक्षण संस्थान घोषित किया गया है, जो पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने पुलिसकर्मियों से राष्ट्र सेवा की भावना के साथ कार्य करते हुए पुलिसिंग को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।
श्री शर्मा ने आगामी युवा दिवस (12 जनवरी) पर विद्यार्थियों को थानों की विजिट करवाकर नई आपराधिक न्याय प्रणाली, नशा मुक्ति, सड़क सुरक्षा और पुलिस की कार्यप्रणाली से अवगत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने संगठित अपराधों और नशे की तस्करी पर सख्त कार्रवाई तथा सोशल मीडिया पर आपराधिक गतिविधियों की स्क्रीनिंग पर भी जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर कानून व्यवस्था से प्रदेश में निवेश का माहौल बना है। राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के तहत हुए एमओयू अब धरातल पर उतर रहे हैं। उन्होंने पुलिस कल्याण के लिए आधुनिकीकरण, साइबर कंट्रोल रूम और भत्तों में बढ़ोतरी जैसे कदमों की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम में गृह राज्य मंत्री श्री जवाहर सिंह बेढ़म, डीजीपी श्री राजीव कुमार शर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर ई-विजिटर्स पोर्टल, ई-जीरो एफआईआर का शुभारंभ तथा राजस्थान पुलिस प्राथमिकता-2026 पुस्तिका का विमोचन किया गया।





