मनरेगा बचाओ महा संग्राम के तहत कोटपूतली में जिला स्तरीय प्रेस वार्ता आयोजित

मनरेगा बचाओ महा संग्राम के तहत कोटपूतली में जिला स्तरीय प्रेस वार्ता आयोजित
अमित चाचान बोले—मनरेगा कमजोर करना गरीबों से रोजगार का अधिकार छीनने की साजिश
कोटपूतली। अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी आंदोलन मनरेगा बचाओ महा संग्राम के अंतर्गत जिला कांग्रेस कमेटी कोटपूतली-बहरोड़ की ओर से कोटपूतली में जिला स्तरीय प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता को राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं नोहर विधायक अमित चाचान ने संबोधित किया। उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना को कमजोर करने, उसके नाम और मूल भावना को समाप्त करने तथा ग्रामीण भारत से रोजगार की संवैधानिक गारंटी खत्म करने की साजिश रचने का आरोप लगाया।
अमित चाचान ने कहा कि मनरेगा देश के करोड़ों गरीब, मजदूर, किसान, महिलाओं और बेरोजगार युवाओं के लिए जीवन रेखा है। केंद्र सरकार लगातार बजट में कटौती कर रही है, मजदूरी भुगतान में देरी हो रही है और नियमों को जटिल बनाकर काम के अवसर सीमित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी बढ़ रही है और मजदूरों को पलायन के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।


जिला कांग्रेस अध्यक्ष इन्द्राज गुर्जर ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को खत्म करने की नीति पर काम कर रही है। राष्ट्रीय महापुरुषों के नाम से चल रही योजनाओं के नाम, स्वरूप और उद्देश्य बदले जा रहे हैं ताकि गरीबों और वंचित वर्गों को उनके अधिकारों से वंचित किया जा सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस जनविरोधी सोच के खिलाफ जिलेभर में आंदोलन करेगी।
इन्द्राज गुर्जर ने बताया कि कल कोटपूतली में नगर परिषद पार्क स्थित आंबेडकर सर्किल के सामने उपवास रखकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मनरेगा बचाओ महा संग्राम के तहत जिलेभर में लगातार कार्यक्रम आयोजित कर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस तब तक संघर्ष जारी रखेगी, जब तक मनरेगा को पूरी मजबूती के साथ लागू नहीं किया जाता और मजदूरों को उनका हक नहीं मिल जाता।