मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद) नीमराना । राजकीय महाविद्यालय नीमराना में कार्यरत विद्या संबल सहायक आचार्यों ने सोमवार को नीमराना तहसीलदार डॉ. विक्रम सिंह को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंप कर सेवा की सुनिश्चतता व रोजगार गारंटी की मांग की है।

विद्या संबल सहायक आचार्य संघ के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. रवीन्द्र सिंह यादव ने बताया कि वे पिछले पाँच सत्रों से राजकीय महाविद्यालयों में विद्या संबल योजना के तहत कार्यरत हैं। सरकार अब उन्हें हटा कर 5 वर्ष के लिए अस्थाई संविदा भर्ती कर रही है, जो कि न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने कहा कि माननीय न्यायालय ने भी समय समय पर विभिन्न निर्णयों में स्पष्ट किया है कि संविदा कार्मिक को हटा कर उसके स्थान पर दूसरे संविदा कार्मिक को नहीं लगा सकते हैं।
आचार्यों ने सरकार से मांग की है कि पहले उन्हें हरियाणा, मध्यप्रदेश व अन्य राज्यों की तर्ज पर रोजगार गारंटी व सेवा की सुनिश्चितता प्रदान करें और उसके बाद बचे हुए पदों पर स्थाई भर्ती करें। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने उनकी मांगों पर सहानुभूति पूर्ण तरीके विचार कर नहीं माना, तो वे आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
इस अवसर पर डॉ. सरिता यादव, डॉ. अन्नू यादव, डॉ. प्रदीप यादव, डॉ. हेमन्त यादव, डॉ. अशोक कुमार यादव आदि सहायक आचार्य उपस्थित रहे।





