
मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद) नीमराना में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (ADJ) कोर्ट तथा अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (ACJM) कोर्ट की स्थापना की मांग को लेकर अभिभाषक संघ नीमराना, जिला कोटपूतली-बहरोड़ के अधिवक्ताओं ने शुक्रवार को न्यायालय परिसर में आवश्यक बैठक आयोजित की। बैठक की अध्यक्षता बार संघ अध्यक्ष उदय सिंह यादव ने की।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि आगामी विधानसभा सत्र-2026, जो 28 जनवरी से प्रारंभ हो रहा है, उससे पूर्व न्यायालयों की स्थापना की मांग को लेकर चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा। इसी क्रम में अधिवक्ताओं ने 15 जनवरी से 21 जनवरी 2026 तक, आवश्यक प्रकृति के मामलों को छोड़कर, सभी न्यायालयों का कार्य पैन डाउन (कार्य बहिष्कार) रखने का निर्णय लिया है। अधिवक्ताओं ने बताया कि नीमराना एक प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र होने के बावजूद यहां उच्च न्यायालयीन व्यवस्था का अभाव है। ADJ एवं ACJM कोर्ट नहीं होने के कारण आमजन और अधिवक्ताओं को मामलों की सुनवाई के लिए अन्य स्थानों पर जाना पड़ता है, जिससे समय और आर्थिक संसाधनों की अनावश्यक हानि होती है।
बार संघ ने प्रशासन एवं राज्य सरकार से मांग की कि क्षेत्र की बढ़ती जनसंख्या, औद्योगिक विकास और प्रकरणों की संख्या को देखते हुए नीमराना में शीघ्र ही ADJ व ACJM न्यायालयों की स्थापना की जाए। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और अधिक उग्र रूप दिया जाएगा। इस अवसर पर बार संघ अध्यक्ष उदय सिंह यादव, पूर्व अध्यक्ष एम.डी. शर्मा, सचिव राकेश यादव, कोषाध्यक्ष सुभाषच राकेश यादव, पुस्तकालय अध्यक्ष सुभीका कुमारी सहित अधिवक्ता प्रमोद यादव, मुकेश कुमार यादव, विजय चौहान, मुकेश सिरोहीवाल, ममता शर्मा, पीताम्बर सिंह, अजयपाल सिंह चौहान, विनोद सिंह चौहान, निर्मल, देवेन्द्र, राहुल यादव, नवीन बाला, पंकज शर्मा, जितेन्द्र सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।





