प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सिरयानी में दो गाडोलिया लुहार परिवारों को मिला पक्का आशियाना, खुशी की लहर

मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद) नीमराना उपखंड के ग्राम सिरयानी में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना  के तहत दो गाडोलिया लुहार परिवारों के लिए खुशियों की नई सौगात आई है। योजना के अंतर्गत स्वीकृत आवासों का निर्माण कार्य पूर्ण होने पर शनिवार को इन परिवारों का विधि-विधान से गृह प्रवेश करवाया गया।

परंपरागत तरीके से हुए स्वागत में लाभार्थी परिवारों की महिलाओं का सम्मान किया गया। अधिकारियों और अतिथियों ने महिलाओं को श्रीफल नारियल भेंट किया और मिठाई खिलाकर मुंह मीठा करवाया। इसके बाद फीता काटकर परिवारों को उनके नए आशियाने की चाबियां सौंपी गईं। अपना पक्का घर पाकर परिवार के सदस्य और महिलाएं अत्यंत भावुक और खुश नजर आए।

इस गौरवपूर्ण अवसर पर प्रशासनिक और ग्राम पंचायत के कई वरिष्ठ जन उपस्थित रहे, जिन्होंने लाभार्थियों को बधाई दी। मौके पर मौजूद रहे मुख्य अतिथि और अधिकारी: डॉ. विक्रम सिंह तहसीलदार, ओम प्रकाश निर्मल सहायक विकास अधिकारी, अभय सिंह यादव सहायक विकास अधिकारी, उमाशंकर यादव सरपंच, ग्राम पंचायत सिरयानी, महावीर यादव ग्राम विकास अधिकारी।

सरपंच उमाशंकर यादव ने बताया कि गाडोलिया लुहार परिवारों को मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें स्थायी छत मुहैया कराने की दिशा में यह एक बड़ा कदम है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से इन परिवारों के जीवन स्तर में सुधार आ रहा है और उन्हें अब खुले आसमान के नीचे रहने की मजबूरी से निजात मिली है।