भामाशाह वेद प्रकाश सैनी ने सरकारी स्कूलों के बच्चों को बांटी स्टेशनरी, शिक्षा सहयोग का दिया संदेश

मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद) नीमराना – नगर पालिका क्षेत्र में शिक्षा के प्रति सराहनीय पहल करते हुए शुक्रवार को नगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट वेद प्रकाश सैनी ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय प्रतापसिंहपुरा और राजकीय विद्यालय मोहलडिया में पहुंचकर स्कूली बच्चों को स्टेशनरी सामग्री वितरित की। इस दौरान जरूरतमंद विद्यार्थियों को कॉपी, पेन सहित अन्य आवश्यक शैक्षणिक सामग्री भेंट की गई।

भामाशाह वेद प्रकाश सैनी ने बताया कि सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत कई विद्यार्थी आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से आते हैं, जिन्हें पढ़ाई के लिए मूलभूत संसाधनों की आवश्यकता होती है। ऐसे में स्टेशनरी सामग्री उपलब्ध कराना उनकी शिक्षा में सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि “सरकारी स्कूलों से ही असली प्रतिभाएं निकलती हैं, बस उन्हें सही अवसर और सहयोग की जरूरत होती है।”

सैनी ने स्कूल प्रबंधन को आश्वस्त किया कि भविष्य में भी वे विद्यार्थियों की हर संभव मदद के लिए तैयार रहेंगे। इस अवसर पर उन्होंने समाज के अन्य भामाशाहों से भी अपील की कि वे सरकारी स्कूलों की ओर रुख करें और जरूरतमंद बच्चों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराने में योगदान दें। उनका मानना है कि बच्चों की शिक्षा में सहयोग करना सबसे बड़ा सामाजिक कार्य है।

विद्यालय स्टाफ ने इस पहल के लिए वेद प्रकाश सैनी का आभार व्यक्त किया और इसे विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक कदम बताया। इस अवसर पर नगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट वेदप्रकाश सैनी, नगर कांग्रेस उपाध्यक्ष संजय कुमार यादव, नगर उपाध्यक्ष महावीर चर्खिया, महासचिव अतर सिंह, सचिव जितेंद्र गुर्जर, सचिव परमानंद सैनी, श्योराम सैनी, चुन्नीलाल सैनी, राज सिंह यादव सहित विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।