
मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद) नीमराना, 10 फरवरी। आज पंजाब नेशनल बैंक कृषक प्रशिक्षण केंद्र, नीमराना में वित्तीय साक्षरता सप्ताह-2026 के अंतर्गत एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र में केंद्र पर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे सभी प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान कृषक प्रशिक्षण केंद्र के निदेशक श्री रंजीत कुमार यादव ने प्रशिक्षणार्थियों को केवाईसी, री-केवाईसी, साइबर फ्रॉड, मनी म्यूल अकाउंट से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान कीं। साथ ही वर्तमान में चल रहे साइबर अरेस्ट फ्रॉड, ओटीपी कभी साझा न करने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने, खातों में नॉमिनी दर्ज कराने तथा डॉर्मेंट खातों में पुनः केवाईसी कर उन्हें सक्रिय कराने के बारे में विस्तार से समझाया गया।

केंद्र पर कंप्यूटर प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों को बचत का महत्व, डिजिटल बैंकिंग एवं बैंक के सभी डिजिटल उत्पादों की जानकारी दी गई। साथ ही डिजिटल उत्पादों के उपयोग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों से भी अवगत कराया गया।

इसी क्रम में ग्राम गूगल कोटा की ग्राम पंचायत में भी एक वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें लगभग 35 महिलाओं ने भाग लिया। इस सत्र में ग्राम गूगल कोटा के सरपंच श्री श्याम सुंदर यादव एवं कृषक प्रशिक्षण केंद्र के निदेशक श्री रंजीत कुमार यादव ने महिलाओं को केवाईसी, साइबर फ्रॉड से बचाव, नए खाते खोलने, बचत खाते, सुकन्या समृद्धि खाता, पीपीएफ खाता आदि योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही महिलाओं को विशेष रूप से ओटीपी किसी के साथ साझा न करने तथा बैंकिंग लेन-देन में सतर्कता बरतने के लिए जागरूक किया गया।






