वीकेजी मेमोरियल स्पोर्ट्स मीट में धर्मपाल चौधरी होंगे अतिथि

  • 12 से 14 फरवरी तक रैफल्स विश्वविद्यालय, नीमराना में खेल महोत्सव का आयोजन

मरुधर हिंद न्यूज ( रमेश चंद) नीमराना। रैफल्स विश्वविद्यालय, नीमराना में 12 से 14 फरवरी 2026 तक आयोजित होने जा रहे वीकेजी मेमोरियल स्पोर्ट्स मीट के लिए ऑल इंडिया एक्स सर्विसमैन वेलफेयर समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता धर्मपाल चौधरी को अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है।

आयोजन समिति की ओर से जारी निमंत्रण में बताया गया कि विनोद कुमार गोम्बर मेमोरियल स्पोर्ट्स मीट में उनकी उपस्थिति प्रतिभागियों के लिए प्रेरणादायक होगी। समिति ने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि धैर्य, टीम भावना और खेल भावना जैसे मूल्यों को मजबूत करने का सशक्त मंच हैं। ऐसे व्यक्तित्व की मौजूदगी खिलाड़ियों में अनुशासन और समर्पण की भावना को और प्रोत्साहित करेगी।

तीन दिवसीय इस आयोजन में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं, शिक्षक और स्टाफ सदस्य भाग लेंगे। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और आपसी सौहार्द को बढ़ावा दिया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को शारीरिक दक्षता के साथ-साथ नेतृत्व क्षमता और सहयोग की भावना विकसित करने का अवसर प्रदान करना है।