मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद) नीमराना के ग्राम बेलनी में वित्तीय साक्षरता सप्ताह 2026 के अंतर्गत एक वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में बैंकिंग से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों जैसे केवाईसी, री-केवाईसी, सीकेवाईसी, म्यूल अकाउंट तथा साइबर फ्रॉड जागरूकता पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में लगभग 50 महिलाओं ने भाग लिया और सत्र में सक्रिय सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान आरबीआई द्वारा जारी वित्तीय जागरूकता संबंधी पोस्टर एवं बैनर प्रदर्शित एवं वितरित किए गए, जिससे प्रतिभागियों में वित्तीय जागरूकता को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके। कृषक प्रशिक्षण केंद्र, नीमराणा के निदेशक रंजीत कुमार यादव ने उपस्थित महिलाओं को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए बताया कि वे किसी भी परिस्थिति में अपना ओटीपी साझा न करें, अनजाने लिंक पर क्लिक न करें तथा अपना सीवीवी नंबर, डेबिट कार्ड पिन, खाता संख्या या आधार संख्या जैसी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।

इसके अतिरिक्त यादव द्वारा सुकन्या समृद्धि योजना, पीपीएफ खाता, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना तथा अटल पेंशन योजना आदि सामाजिक सुरक्षा एवं बचत योजनाओं के बारे में भी विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम उत्साहपूर्ण सहभागिता के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।





