मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद) नीमराना, 14 फरवरी: रैफल्स विश्वविद्यालय, नीमराना द्वारा अपने संस्थापक श्री विनोद कुमार गोम्बर की पावन स्मृति में 12 से 14 फरवरी 2026 तक वीकेजी मेमोरियल स्पोर्ट्स मीट का शुभारम्भ हुआ। यह तीन दिवसीय आयोजन खेल भावना, एकता एवं समग्र व्यक्तित्व विकास उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है।

स्पोर्ट्स मीट का शुभारंभ रैफल्स विश्वविद्यालय के माननीय अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) आर. एस. सांगवान के स्वागत संबोधन के साथ हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों के जीवन में अनुशासन, टीमवर्क और नेतृत्व क्षमता के विकास में खेलों की महत्ता पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि माननीय डॉ. जस्टिस मीना वी. गोम्बर, अध्यक्ष, गोम्बर एजुकेशन फाउंडेशन ने उद्घाटन किया एवं जनसमूह को संबोधित करते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा और शारीरिक स्वास्थ्य के बीच संतुलन बनाए रखने हेतु प्रेरित किया।

कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर क्रिकेट, कबड्डी, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, एथलेटिक्स (रेस, शॉट पुट एवं लॉन्ग जंप) तथा रस्साकशी सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों और अन्य विद्यालय और विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।






