वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाले छगन मीणा का कोटपूतली में भव्य स्वागत

कोटपूतली-बहरोड़।(सीताराम गुप्ता)

वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स 2025 बर्मिंघम (अमेरिका) में कुश्ती प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर देश लौटे राजस्थान पुलिस के हेड कांस्टेबल छगन मीणा का कोटपूतली में राजस्थान आदिवासी मीणा सेवा संघ तहसील शाखा कोटपूतली-पावटा की ओर से भव्य अभिनंदन किया गया। यह सम्मान समारोह मीणा छात्रावास, कोटपूतली में आयोजित हुआ जिसमें समाज के वरिष्ठजनों, पदाधिकारियों और युवा साथियों ने माला और साफा पहनाकर साहसी पहलवान का गर्मजोशी से स्वागत किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उप पुलिस अधीक्षक राजेंद्र बुरडक रहे और अध्यक्षता इंजीनियर दिनेश मीणा, अध्यक्ष मीणा समाज ने की। डीवाईएसपी बुरडक ने छगन मीणा को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने न सिर्फ पुलिस विभाग, बल्कि पूरे देश और समाज का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उन्होंने युवाओं से भी आह्वान किया कि वे खेलों को जीवन का हिस्सा बनाएं और कड़ी मेहनत कर ऊंचाइयों को छुएं।

इंजीनियर दिनेश मीणा ने कहा कि छगन मीणा ने न केवल मीणा समाज का गौरव बढ़ाया है, बल्कि राजस्थान पुलिस और देश का नाम भी विश्व स्तर पर रोशन किया है। समाज को उन पर गर्व है।

छगन मीणा पूर्व में भी कई बड़े आयोजनों में पदक जीत चुके हैं। वर्ष 2016 में उन्होंने ताइवान में आयोजित एशियाई चैंपियनशिप में भाग लिया, वर्ष 2019 में चीन में हुए वर्ल्ड पुलिस एंड फायर गेम्स में भी गोल्ड मेडल प्राप्त किया, उत्तराखंड में हुए नेशनल गेम्स में चैंपियन बने और अब तक 17 राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में विजेता रह चुके हैं। वे पिछले 12 वर्षों से पुष्कर व्यायामशाला बगड़ में नियमित अभ्यास कर रहे हैं।

छगन मीणा के गांव छाजणा के निवासी वरिष्ठ समाजसेवी महेश मीणा ने ₹11,000 की नोटों की माला पहनाकर उनका विशेष सम्मान किया। वरिष्ठ उपाध्यक्ष कल्याण सहाय मीणा, महामंत्री हरचंद मीणा, उपाध्यक्ष पावटा शैतान सिंह मीणा, कोषाध्यक्ष रामनिवास मीणा, रामावतार मीणा, अभय सिंह मीणा, गुमान राम मीणा, पूर्व सरपंच रामकरण मीणा, जयराम मीणा, ईश्वरलाल मीणा, कमल कुमार मीणा नारेड़ा, विजय सिंह मीणा, जगदीश चंद्र मीणा, रामकुमार मीणा, रतिराम मीणा, सीबीईओ भागीरथ मल मीणा, मथुरा प्रसाद मीणा, भैरू राम मीणा, दिलीप मीणा, युधिष्ठिर मीणा, कबूल चंद मीणा और मंडल अध्यक्ष दौलतराम मीणा सहित बड़ी संख्या में समाज के सरदार, युवा साथी और छात्रावास के विद्यार्थी समारोह में उपस्थित रहे।

अपने उद्बोधन में छगन मीणा ने कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में निरंतर अभ्यास और कठिन परिश्रम से ही मंजिल पाई जा सकती है। उन्होंने मीणा समाज का आभार जताते हुए कहा कि आप सभी ने मेरा मनोबल बढ़ाया है और मैं आगे भी समाज व देश के लिए पूरी लगन से प्रयास करता रहूंगा। कार्यक्रम का संचालन पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी हरचंद मीणा ने किया।