भारी बारिश के चलते 31 जुलाई तक स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित, जिला प्रशासन ने एहतियातन लिया निर्णय

कोटपूतली-बहरोड़, 30 जुलाई 2025।


राजस्थान सरकार के मौसम विभाग  द्वारा 30 जुलाई से 31 जुलाई 2025 तक जिले में अत्यधिक भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। विभाग ने मौसम की गंभीरता और वर्षा की तीव्रता को देखते हुए प्रदेश के विभिन्न जिलों में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में जिला कोटपूतली-बहरोड़ में भी लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और आगामी दिनों में संभावित भारी वर्षा को देखते हुए जिला प्रशासन ने आमजन की सुरक्षा एवं विद्यार्थियों की सुविधा के लिए बड़ा फैसला लिया है।

जिला कलेक्टर एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष प्रियंका गोस्वामी द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि मौसम विभाग की चेतावनी और वर्तमान परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जिले में संचालित समस्त सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) में 30 और 31 जुलाई 2025 को अवकाश घोषित किया गया है। इसी प्रकार जिले के समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों को भी इस आदेश के अंतर्गत बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह अवकाश केवल विद्यार्थियों और बच्चों के लिए रहेगा। यह आदेश विद्यार्थियों/छात्राओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं परिवहन में आने वाली संभावित बाधाओं को ध्यान में रखते हुए जारी किया गया है। यदि किसी विद्यालय या आंगनबाड़ी केंद्र में आदेश की अवहेलना कर संचालन पाया गया, तो संबंधित संस्था प्रधान या प्रभारी के विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धाराओं के तहत कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

जिला प्रशासन ने संबंधित सभी विभागों को आदेश की पालना सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। विशेष रूप से महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग तथा स्थानीय प्रशासन को सतर्क रहने को कहा गया है। उपखंड अधिकारियों, तहसीलदारों एवं सूचना जनसम्पर्क अधिकारियों को भी आदेश की सूचना आमजन तक शीघ्र पहुंचाने के निर्देश जारी किए गए हैं।

प्राकृतिक आपदा से सुरक्षा एवं जनहित को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन द्वारा लिया गया यह निर्णय विद्यार्थियों और उनके परिजनों की सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

(रिपोर्ट – सीताराम गुप्ता)