मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद्र) नीमराना में 10 सितंबर को हुए मधु किन्नर हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी सीमा किन्नर (55), जो भिवाड़ी के वार्ड नंबर 55 सूरज सिनेमा के पास रहती हैं, को गिरफ्तार कर लिया है। सीमा किन्नर भिवाड़ी में किन्नर समाज की गुरु मानी जाती हैं।

डीएसपी सचिन शर्मा ने बताया कि थाना प्रभारी राजेश कुमार मीणा के नेतृत्व में गठित टीम ने सीमा किन्नर को भिवाड़ी से गिरफ्तार किया। इससे पहले पुलिस ने नरेश (38) उर्फ सोनिया उर्फ जरीना किन्नर को गिरफ्तार किया था। जांच में खुलासा हुआ कि सीमा किन्नर ने 10 लाख रुपये में शूटर पवन गुर्जर (40) से मधु किन्नर की हत्या का सौदा तय किया था। आंशिक राशि पहले ही दी जा चुकी थी। 10 सितंबर को मधु किन्नर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

फिलहाल मुख्य शूटर पवन गुर्जर और मोहम्मद जावेद पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस टीम उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है। मधु किन्नर हत्याकांड के पीछे किन्नर समाज में वर्चस्व की लड़ाई बताई जा रही है। सीमा किन्नर और मधु किन्नर के बीच बधाई के पैसे और क्षेत्र में एकाधिकार को लेकर विवाद था।





