सारंग माता मंदिर सरुंड में नवरात्र महोत्सव, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़भजन-कीर्तन, भंडारा और स्काउट्स की सेवा बनी आकर्षण का केंद्र

कोटपूतली।

श्री सारग चिलाय माता मंदिर कमेटी के तत्वावधान में सरुंड स्थित प्राचीन सारंग माता मंदिर में नवरात्र महोत्सव का आयोजन हो रहा है। आज नवरात्र का सातवाँ दिन (सप्तमी) होने पर मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं की भीड़ माता रानी के दरबार में उमड़ रही है। भक्त दूर-दराज से आकर धोक लगाकर सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। मंदिर को आकर्षक झालरों और विद्युत सज्जा से सजाया गया है। सुबह-शाम की आरती, चुनरी चढ़ाने, विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन, कन्या पूजन और माता का भंडारा भक्तों के लिए विशेष आकर्षण बने हुए हैं।

स्थानीय मान्यता के अनुसार सारंग माता मंदिर सैकड़ों वर्षों पुराना है और इसे शक्ति की सिद्ध पीठ माना जाता है।  इस स्थान पर साधु-संतों की तपस्या से माता का प्रकट स्थान स्थापित हुआ था, तभी से यहां भक्तों की आस्था निरंतर बढ़ती चली आ रही है। ग्रामीण अंचल के लोग नवविवाहित जोड़े, नवजात शिशु और परिवार की खुशहाली के लिए यहां विशेष पूजा-अर्चना करवाते हैं। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि माता के दरबार में सच्चे मन से की गई प्रार्थना कभी व्यर्थ नहीं जाती।

नवरात्र महोत्सव के दौरान सेवा और अनुशासन की मिसाल प्रस्तुत करते हुए स्काउट्स के दल ने मंदिर परिसर में यातायात व्यवस्था, श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन और भंडारे के संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई। स्काउट्स सदैव समाजसेवा और अनुशासन के प्रतीक रहे हैं। आपदा राहत, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान शिविर, शिक्षा और जागरूकता अभियान जैसे अनेक क्षेत्रों में उनकी निस्वार्थ सेवा समाज के लिए प्रेरणादायी रही है।

नवरात्र महोत्सव में एक ओर जहां सप्तमी के अवसर पर भक्ति, भजन-कीर्तन और भंडारे से आस्था का वातावरण गूंज रहा है, वहीं दूसरी ओर स्काउट्स की सेवा भावना और सामाजिक सद्भाव का संदेश भी श्रद्धालुओं तक पहुंच रहा है।

Report -seetaram gupta (kotputli)

8955369179