मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद्र) नीमराना नगर पालिका क्षेत्र के गांव दौलतसिंहपुरा की ढाणी पत्थरावाली में 28 सितंबर 2025 की रात एक बार फिर से केबल चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने विनोद पुत्र गजराज सिंह के कुएं से कोटडी तक और कोटडी में रखी हुई लगभग 300 फीट केबल चोरी कर ली।
ग्रामीण संजय कुमार यादव ने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है। पिछले वर्ष 13 जुलाई 2024 को भी इसी कुएं और आसपास के 8-10 अन्य कुओं से केबल चोरी हुई थी। उस समय ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी थी और चोरों को पकड़कर पुलिस के हवाले भी किया गया था, लेकिन इसके बावजूद संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई और न ही चोरी का माल बरामद हो पाया।
नीमराना क्षेत्र में लगातार हो रही केबल चोरी की घटनाओं से किसान बहुत परेशान और चिंतित हैं। ये घटनाएं न केवल उनकी कृषि गतिविधियों को प्रभावित कर रही हैं, बल्कि उनकी सुरक्षा और संपत्ति की चिंता भी बढ़ा रही हैं।
केबल चोरी जैसी घटनाएं भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 378 और 379 के तहत आती हैं, जो चोरी के अपराध से संबंधित हैं। ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए स्थानीय पुलिस और प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है। ग्रामीणों की मांग है कि चोरों को पकड़ा जाए और उनकी संपत्ति की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।





