कोटपूतली।



सेवा पर्व पखवाड़ा के अंतर्गत कोटपूतली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पाथरेड़ी में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का अवलोकन विधायक हंसराज पटेल ने किया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित देवतुल्य ग्रामवासियों से संवाद करते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलवाते हुए सम्मान पत्र प्रदान किए।
इस मौके पर ग्रामवासियों ने विधायक हंसराज पटेल का माल्यार्पण कर, साफा पहनाकर तथा स्मृति भेंट कर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया। ग्रामवासियों के इस आत्मीय स्वागत से विधायक पटेल अभिभूत हुए और कहा कि जनता का यह स्नेह ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने आश्वासन दिया कि कोटपूतली विधानसभा के विकास और जनता की सेवा में वे निरंतर तत्पर रहेंगे।
विधायक पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार द्वारा चलाई जा रही जन कल्याणकारी योजनाएं गांव-गांव तक पहुंच रही हैं। ग्रामीण सेवा शिविरों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का सीधा लाभ दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक लाभार्थी के प्रकरण का मौके पर ही निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि किसी को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे और शिविर में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विधायक पटेल ने ग्रामवासियों से आह्वान किया कि वे स्वच्छता, शिक्षा और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में अग्रसर होकर अपने गांव के समग्र विकास में योगदान दें।
REPORT-SEETARAM GUPTA(KOTPUTLI)





