लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर कोटपूतली में रन फॉर यूनिटी का आयोजन


जिला कलेक्टर व पुलिस अधीक्षक ने दिखाई हरी झंडी, एकता और अखंडता का संदेश दिया

कोटपूतली।

लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष में आज कोटपूतली जिला प्रशासन की ओर से रन फॉर यूनिटी कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सरदार स्कूल से प्रारंभ होकर राजकीय लाल बहादुर शास्त्री  महाविद्यालय पहुंचकर संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी, पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार बिश्नोई और अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश सहारण  ने हरी झंडी दिखाकर की। इस अवसर पर शहर के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों, स्काउट-गाइड, एनसीसी, एनएसएस और कोचिंग संस्थानों के छात्र-छात्राओं सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए।

दौड़ के समापन पर जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी ने उपस्थित सभी युवाओं को एकता, अखंडता और राष्ट्र निर्माण की दिशा में निरंतर योगदान देने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि — “सरदार पटेल ने जिस एक भारत की परिकल्पना की थी, उसे साकार करने की जिम्मेदारी आज के युवाओं पर है। हमें उनके आदर्शों को जीवन में उतारते हुए एकजुट और सशक्त भारत का निर्माण करना है।”

पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार बिश्नोई ने अपने उद्बोधन में कहा कि — “रन फॉर यूनिटी केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि देश की एकता, अनुशासन और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का प्रतीक है। समाज के हर वर्ग को इस दिशा में सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।”

इस अवसर पर उपखंड अधिकारी रामावतार मीना, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा, उप पुलिस अधीक्षक राजेंद्र बुरडक, थाना अधिकारी राजेश कुमार शर्मा, थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सहित अनेक अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक व नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राओं और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर एकता दिवस को सफल बनाया।

REPORT –SEETARAM GUPTA KOTPUTLI