मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद्र) नीमराना स्थित ज्ञानीनाथ आश्रम में पूर्णिमा के पावन अवसर पर भक्तिमय माहौल में सत्संग संध्या का आयोजन किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा के दर्शन के लिए आश्रम पहुंचे और भजन-कीर्तन में शामिल होकर आध्यात्मिक आनंद की अनुभूति की।

स्वामी धरमदास को आश्रम का मुखिया घोषित किया गया
कार्यक्रम के दौरान कमेटी द्वारा स्वामी धरमदास महाराज को आश्रम का मुखिया घोषित किया गया। इस अवसर पर ताराचंद महाशय और से सुरेंद्र की पार्टी के द्वारा गायक कलाकारों ने बाबा की महिमा का सुंदर भजन व कीर्तन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया।
श्रद्धालुओं ने मांगी परिवार की खुशहाली की दुआ
सत्संग संध्या में श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में मत्था टेककर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। आयोजन समिति ने प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन किया।

भक्ति का अद्भुत नजारा
स्थानीय श्रद्धालुओं ने कहा कि पूर्णिमा के दिन ज्ञानीनाथ आश्रम में हर बार की तरह इस बार भी भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला, जिससे पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा।






