निरंतर मिलाप टीम जयपुर पहुँची, भूतपूर्व सैनिकों से किया संवाद– भूतपूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों की समस्याओं के समाधान हेतु अभियान

जयपुर, 06 नवम्बर। भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों तथा उनके आश्रितों की पेंशन एवं कल्याण से संबंधित समस्याओं के निवारण हेतु मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री रेजिमेंट की “निरंतर मिलाप टीम” आज जयपुर पहुँची। यह टीम देशभर में भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों से सतत संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे “मिशन निरंतर मिलाप” कार्यक्रम का महत्वपूर्ण अंग है।

रेजिमेंट के कर्नल ऑफ द रेजिमेंट लेफ्टिनेंट जनरल पी.एन.एस. शेखावत, पीवीएसएम, एवीएसएम, एसएम के निर्देशन में इस टीम को मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री सेंटर एंड स्कूल, अहमदनगर से रवाना किया गया। टीम ने 06 नवम्बर को जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, जयपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएँ सुनीं और आवश्यक सुझाव दिए।

यह अभियान सेंटर कमांडेंट ब्रिगेडियर पी. सुनील कुमार, एसएम तथा चीफ रिकॉर्ड ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल अशोक कुमार के मार्गदर्शन में संचालित है। निरंतर मिलाप टीम देश के विभिन्न जिलों में पहुँचकर भूतपूर्व सैनिकों के घर-घर जाकर उनकी पेंशन, वेलफेयर एवं रिकॉर्ड संबंधी समस्याओं का समाधान कर रही है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रेजिमेंट के भूतपूर्व सैनिकों एवं वीर नारियों ने भाग लिया और इस पहल की सराहना की। “मिशन निरंतर मिलाप” अभियान आगामी एक वर्ष तक पूरे देशभर में चरणबद्ध रूप से संचालित किया जाएगा।