जयपुर, 11 नवम्बर 2025।
पुलिस थाना मालपुरा गेट, जयपुर (पूर्व) की टीम ने चाकूबाजी की घटना में शामिल दो मुख्य आरोपियों को मात्र 24 घंटे में गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व श्री संजीव नैन (आईपीएस) ने बताया कि दिनांक 08 नवम्बर 2025 को परिवादी पप्पु महावर निवासी हिण्डौन सिटी, हाल किरायेदार गणेश कॉलोनी सांगानेर ने रिपोर्ट दी थी कि वह अपनी पत्नी की डिलीवरी के पैसे लेने जनाना अस्पताल सांगानेरी गेट जा रहा था। इसी दौरान डिग्गी-मालपुरा रोड स्थित 11 नंबर मिनी बस स्टैंड के पास फल के ठेले पर केले खरीदने के दौरान ठेले वाले से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर ठेले वाले ने चाकू से हमला कर दिया, जिससे परिवादी के हाथ, गले और सोने के पास गंभीर चोटें आईं।
मामले की रिपोर्ट पर प्रकरण संख्या 475/2025 धारा 115(2), 126(2), 109(1) बी.एन.एस. में मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की गई।
तेज़ी से कार्रवाई करते हुए गठित टीम ने दबिशें दीं
घटना की गंभीरता और सांगानेर क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्री आशाराम चौधरी के निर्देशन, सहायक पुलिस आयुक्त श्री विनोद शर्मा के सुपरविजन तथा थानाधिकारी डॉ. उदयभान यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
टीम ने घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, गवाहों से पूछताछ की और क्षेत्र में फलों के ठेले लगाने वालों तथा बाहर से आए मजदूरों के ठिकानों पर दबिश दी। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर टीम ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया।
- अरमान पुत्र आज़ाद, उम्र 21 वर्ष, निवासी नौखेल, सिकंदराराऊ, ज़िला हाथरस (उ.प्र.), हाल किरायेदार वैष्णव नगर, सांगानेर।
- आशिव पुत्र फराहीम, उम्र 32 वर्ष, निवासी सराय आमदा, बेगम करीम नगर, सिकंदराराऊ, ज़िला हाथरस (उ.प्र.), हाल किरायेदार डिग्गी मालपुरा रोड, सांगानेर।
दोनों आरोपियों ने पूछताछ में अपराध स्वीकार किया है और उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया गया है।
डॉ. उदयभान यादव, पु.नि.
करण (कानि. नं. 10894)
विजयभान (कानि. नं. 10452)
योगराज (कानि. नं. 9705)
मनीष (कानि. नं. 10942)
विशेष भूमिका – अपराध के खुलासे में मुख्य भूमिका कानि. करण, योगराज और विजयभान की रही।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व श्री संजीव नैन ने टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए बताया कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





