जयपुर

जयपुर। थाना खोरा बिसल पुलिस ने गैस सिलेंडर चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, घटना का सिलेंडर सहित कुल 6 से अधिक चोरी के गैस सिलेंडर बरामद किए गए हैं।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम श्री हनुमान प्रसाद (IPS) ने बताया कि 17 नवंबर 2025 को परिवादी वेंद प्रकाश यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि दोपहर करीब 12:30 बजे दो युवक बाइक से आए और उन्हें धक्का देकर भरा हुआ गैस सिलेंडर छीनकर फरार हो गए। मामले की गंभीरता देखते हुए प्रकरण संख्या 78/25 धारा 304(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर पड़ताल शुरू की गई।
घटना के बाद अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम श्री आलोक सिंघल और सहायक पुलिस आयुक्त झोटवाड़ा श्री आलोक सैनी के निर्देशन में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने आसपास के करीब 100 सीसीटीवी कैमरो की फुटेज खंगालकर संदिग्ध मोटरसाइकिल और आरोपियों की पहचान की।
पुलिस ने तलाश के दौरान दोनों अभियुक्तों—
- सुरज प्रताप सिंह उर्फ सोनू उर्फ घोंटी, निवासी बिहार, हाल निवासी झोटवाड़ा
- आलोक चौधरी, निवासी भरतपुर, हाल निवासी गणेश नगर, निवारू रोड
—को गिरफ्तार किया। इनके पास से घटना में इस्तेमाल हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (RJ 62 SA 1370) तथा परिवादी का चोरी हुआ सिलेंडर बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने नशे व मौज-मस्ती के लिए सिलेंडर चोरी करना कबूल किया।
पुलिस ने आरोपियों से कुल 6 अतिरिक्त चोरी के सिलेंडर भी बरामद किए हैं।
टीम में जिला विशेष शाखा व थाना खोरा बिसल के अधिकारियों-कांस्टेबलों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





