24 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे उद्घाटन, राजस्थान टीम से उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद
जयपुर।(सीताराम गुप्ता)



लखनऊ में 23 से 29 नवंबर 2025 तक आयोजित होने वाली 19वीं राष्ट्रीय स्काउट-गाइड जंबूरी में राजस्थान से लगभग 1700 प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। जंबूरी से पूर्व 18 से 21 नवंबर तक प्रशिक्षण केन्द्र, जगतपुरा जयपुर में पूर्व तैयारी शिविर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं की तैयारी जोरों पर है। कार्यक्रम में शिरकत कर राजस्थान सरकार के मंत्री ओटाराम देवासी ने सभी स्काउट-गाइड यूनिट लीडर्स को बधाई देते हुए कहा कि उन्हें पूर्ण विश्वास है कि राजस्थान की टीम इस वर्ष भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश में प्रथम स्थान प्राप्त करेगी, जैसा कि पूर्व वर्षों में किया है।
जंबूरी का उद्घाटन 24 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाएगा, जिसे राज्य के लिए गौरव का विषय बताया गया है। तैयारी शिविर के दौरान स्टेट चीफ कमिश्नर निरंजन आर्य, राज्य संगठन आयुक्त पूर्ण सिंह शेखावत, राज्य प्रशिक्षण आयुक्त बन्ना लाल सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने तैयारियों का निरीक्षण किया और प्रतिभागियों को श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया। संगठन के अनुसार जंबूरी को लेकर प्रदेशभर में उत्साह का वातावरण है और सभी दल राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा दिखाने को तैयार हैं।
REPORT -SEETARAM GUPTA





