पैदल हज यात्रा पर निकली महाराष्ट्र की सना अंसारी का जयपुर पहुँचने पर ज़ोरदार स्वागत — पाँच देशों से होते हुए तय करेंगी 7500 किमी का सफर

जयपुर

रिपोर्टर जावेद गोरी

महाराष्ट्र की रहने वाली सना अंसारी, जो पैदल हज यात्रा पर निकली हैं, बुधवार को जयपुर पहुँचीं। उनके आगमन पर जयपुर शहर जिला कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड के कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। जिलाध्यक्ष वसीम कुरैशी ने सना को माला पहनाकर सम्मानित किया और उनकी हिम्मत व जज्बे की सराहना की।

सना अंसारी ने बताया कि उनकी यह यात्रा लगभग 7500 किलोमीटर की है, जो पाँच देशों से होकर गुज़रेगी। वह रोजाना 25 से 30 किलोमीटर पैदल चलकर आगे बढ़ रही हैं। सना ने कहा कि उनका उद्देश्य हज यात्रा पूरी कर देश में शांति, सौहार्द, खुशहाली और अमन-चैन की दुआ करना है। उन्होंने यह भी बताया कि रास्ते में विभिन्न राज्यों और शहरों में लोगों से मिलकर उन्हें बेहद प्यार और सहयोग मिल रहा है, जो उनकी यात्रा को और प्रेरणादायक बना रहा है।

जयपुर में स्वागत कार्यक्रम के दौरान जयपुर शहर जिला कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड के कई पदाधिकारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। उनमें समीर कुरैशी, मोहसिन पठान, नाजिम कुरैशी, फेज़ान खान, शाहरुख खान, रिज़वान, टीपू, फैसल कुरैशी, फैजान मोहम्मद, समीर इरफान, ताहिर सहित कई लोग शामिल थे। सभी ने सना की यात्रा की सफलता और सुरक्षित पहुंच के लिए शुभकामनाएँ दीं।

सना का यह साहसिक कदम और अनोखी यात्रा लोगों में आकर्षण और प्रेरणा का केंद्र बनी हुई है।