राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उपस्थिति में समापन, राजस्थान को ऑल ओवर प्रतियोगिता में मिला कमिश्नर फ्लैग; लौटने पर दो स्थानीय संघों ने स्काउट्स का भव्य स्वागत किया





कोटपूतली ।लखनऊ में 23 से 29 नवंबर तक आयोजित 19वीं नेशनल स्काउट-गाइड जम्बूरी में कोटपूतली स्थानीय संघ के ग्रुप राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कल्याणपुरा कलां के स्काउट्स ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और प्रदेश का नाम गर्व से ऊंचा किया। इस जम्बूरी में 7 देशों तथा भारत के 35 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से कुल 35,763 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
समापन समारोह में भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मिजोरम के मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित कई केंद्रीय और राज्य मंत्री उपस्थित रहे।
स्काउट मास्टर राजवीर यादव के नेतृत्व में कल्याणपुरा कलां के 8 स्काउट्स — अशीष गुर्जर, शुभम, गोलू गुर्जर, अशोक कुमार, अभिषेक आर्य, गोपाल आर्य, लोकेश आर्य, महेश गुर्जर — ने कैम्प क्राफ्ट में अपनी रचनात्मकता का अद्भुत प्रदर्शन किया। स्काउट्स द्वारा तैयार किए गए मटका स्टैंड, अलमीरा, डाइनिंग टेबल, परिंदा स्टैंड, चेयर, हैंगर, मिरर स्टैंड, जूता स्टैंड, बैग स्टैंड, कपड़ा स्टैंड, तौलिया स्टैंड, क्ले ओवन, लेक्चरर स्टैंड, संदूक स्टैंड, प्रोजेक्ट स्टैंड, मुख्य गेट सजावट और रंगोली जम्बूरी में विशेष आकर्षण का केंद्र बने।
ग्लोबल विलेज में सभी स्काउट्स को तीन–तीन बैज और दो–दो स्टिकर के साथ नेशनल अवॉर्ड प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। एडवेंचर सेक्शन में स्काउट्स ने रॉक क्लाइम्बिंग, बरमा ब्रिज, जिप लाइन और कमांडो कोर्स में शानदार दक्षता दिखाई।
राज्य मुख्यालय जयपुर में आयोजित 18–21 नवंबर के तैयारी शिविर में भी टीम ने बेस्ट कैम्प क्राफ्ट की शील्ड जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया। संपूर्ण जम्बूरी में राजस्थान के श्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर राज्य को ऑल ओवर प्रतियोगिता में कमिश्नर फ्लैग प्राप्त हुआ, जिसे समारोह में सम्मानपूर्वक लहराया गया।
वापसी पर स्काउट्स का भव्य सम्मान
जम्बूरी से लौटने पर स्थानीय संघ कोटपूतली द्वारा और स्थानीय संघ विराटनगर द्वारा स्काउट्स एवं स्काउट मास्टर का संयुक्त रूप से भव्य सम्मान किया गया। स्काउट्स को माला पहनाकर, साफा बांधकर तथा अभिनंदन कर उनका मनोबल बढ़ाया गया।
इस अवसर पर कोटपूतली स्थानीय संघ सचिव रामवीर यादव, विराटनगर सचिव फूलचंद मीणा, सहायक सचिव प्रशिक्षण कमलेश कुमार, प्राचार्य ख्यालीराम सैनी रोहिताश सैनी, अतुल कुमार आर्य, संदीप कुमार जांगिड़, प्रधानाचार्य दौलत कुमार वर्मा, रामकरण यादव, राजेश यादव सहित बड़ी संख्या में स्काउट मास्टर्स उपस्थित रहे ।
रामवीर यादव का उद्बोधन
कोटपूतली स्थानीय संघ सचिव रामवीर यादव ने अपने उद्बोधन में कहा—
“कल्याणपुरा कलां के इन स्काउट्स ने राष्ट्रीय स्तर पर जो उपलब्धि हासिल की है, वह पूरे क्षेत्र के गौरव का विषय है। कठिन प्रशिक्षण, अनुशासन और टीमवर्क की बदौलत बच्चों ने यह सफलता अर्जित की है। हम सभी स्थानीय संघों की ओर से स्काउट्स और स्काउट मास्टर का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं और आशा करते हैं कि यह बच्चे भविष्य में भी प्रदेश और देश का नाम इसी तरह उज्ज्वल करते रहेंगे।”उन्होंने दोनों स्थानीय संघों द्वारा किए गए अभिनंदन और प्रोत्साहन को भी प्रेरणादायक बताया।
REPORT-SEETARAM GUPTA (KOTPUTLI)





