नीमराना में नकबजनी का खुलासा: रेवाड़ी के टाकंडी का युवक गिरफ्तार, चोरी का पूरा माल बरामद

मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद्र) नीमराना में 27 नवंबर की रात हुई सोने-चांदी की नकबजनी की वारदात का पटाक्षेप करते हुए पुलिस ने रेवाड़ी जिले के टाकंडी निवासी युवक को गिरफ्तार कर चोरी गया पूरा माल बरामद कर लिया है।

पुलिस ने बताया कि…

जिला पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार विश्नोई ने बताया कि थानाधिकारी राजेश कुमार के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। टीम ने तकनीकी विश्लेषण, संदिग्धों से पूछताछ और लगातार निगरानी के आधार पर आरोपित को चिन्हित कर बावल क्षेत्र से गिरफ्तार किया। घटना में परिवादी अमित कुमार सोनी एडवोकेट के घर से 18 ग्राम की सोने की चैन, 15 ग्राम की सोने की झुमकी, दो जोडियां मोने के टोपस, लगभग 200 ग्राम चांदी की तीन जोडियां पाजेब और 50 हजार रुपए नकद चोरी किए गए थे।

आरोपित पर पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज

पुलिस जांच में पता चला कि आरोपित विपिन सिंह उर्फ भतीजा पर पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2019 में बावल थाना क्षेत्र में नकबजनी (धारा 457, 380 आइपीसी), वर्ष 2020 में पुनः नकबजनी का केस, वर्ष 2021 में चोरी का एक और मामला और रेवाड़ी के रामपुरा थाना में वर्ष 2022 को मारपीट, बलवा और अन्य धाराओं में केस दर्ज है।