जिला मुख्यालय कोटपूतली में जिला स्तरीय राजस्थान युवा महोत्सव 2025 आयोजित,
सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में दिखाया हुनर
कोटपूतली।






राजस्थान युवा बोर्ड, युवा मामले एवं खेल विभाग राजस्थान सरकार द्वारा आयोजित जिला स्तरीय राजस्थान युवा महोत्सव 2025 का आयोजन सरदार राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मुख्यालय कोटपूतली में हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओमप्रकाश सहारण थे। उनके साथ जिला शिक्षा अधिकारी प्रकाश चंद्र मीणा, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी हिम्मत कौर पवार , अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी प्रथम पूर्ण कसाना, वरिष्ठ शिक्षाविद दयाराम चौरडिया, सरदार विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेश बंसल, निजी शिक्षण संस्था के सचिव दुर्गा प्रसाद मिश्रा सहित अनेक शिक्षाविद और अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में अतिथियों का माल्यार्पण, साफा बांधकर और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत-सम्मान किया गया। महोत्सव में जिले भर से आए बालक-बालिकाओं ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों, गीत-संगीत, लोक नृत्य, मंच प्रस्तुतियों व युवा कौशल गतिविधियों में भाग लिया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रतीक चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर सरकार के युवा सशक्तिकरण कार्यक्रमों, कौशल विकास योजनाओं और नई शिक्षा नीतियों की जानकारी भी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार, खेल एवं सांस्कृतिक विकास के नए अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओम प्रकाश सहारा का प्रेरक संबोधन
मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला कलेक्टर ओम प्रकाश सहारण ने अपने संबोधन में कहा कि “आज का युवा सिर्फ भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान का नेतृत्वकर्ता है। देश की प्रगति, समाज की मजबूती और विकास की गति युवाओं की ऊर्जा पर निर्भर करती है। आपको अपने अंदर की क्षमता को पहचानकर सही दिशा में आगे बढ़ना है। प्रतियोगिता का मंच सिर्फ जीत-हार का नहीं, बल्कि सीखने और आत्मविश्वास बढ़ाने का माध्यम है।”
उन्होंने कहा कि “राजस्थान सरकार युवाओं के लिए कौशल विकास, स्टार्टअप, खेल, शिक्षा और नेतृत्व क्षमता बढ़ाने हेतु अभूतपूर्व योजनाएँ चला रही है। आपको इन योजनाओं का लाभ उठाकर समाज के लिए नई प्रेरणा बनना चाहिए। मोबाइल और सोशल मीडिया का सकारात्मक उपयोग कर ज्ञान बढ़ाना, समय का सदुपयोग करना और अनुशासन अपनाना हर युवा की जिम्मेदारी है।”
सहारण ने उपस्थित विद्यार्थियों से कहा कि “आपमें अनंत संभावनाएं हैं। लक्ष्य बड़ा रखिए, कदम दृढ़ रखिए और मेहनत में कभी कमी मत आने दीजिए। जब युवा सही दिशा पकड़ लेता है, तो कोई भी बाधा उसे रोक नहीं सकती।”
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया ।मंच संचालन प्रधानाचार्य बलवंत कुमार व रजकेश खारड़िया ने सामूहिक रूप से किया । इस अवसर पर जिले भारत से पधारे शिक्षक गण प्रधानाचार्य बालक बालिकाएं उपस्थित रहे।
REPORT –SEETARAM GUPTA (KOTPUTLI)





