दो साल में किया वह काम जो पहले पांच साल में नहीं हुआ: विजय सिंह चौधरी

राजस्थान सरकार के दो वर्ष पूरे, कोटपूतली-बहरोड़ में प्रभारी मंत्री की बड़ी पत्रकार वार्ता

कोटपूतली-बहरोड़।

वर्तमान राजस्थान सरकार के दो वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर जिले में आयोजित कार्यक्रमों की कड़ी में बुधवार को लाल बहादुर शास्त्री राजकीय महाविद्यालय, कोटपूतली में राज्य मंत्री व जिला प्रभारी मंत्री विजय सिंह चौधरी ने पत्रकार वार्ता को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने सरकार के दो वर्षों की उपलब्धियों को गिनाते हुए इसे जनहित और विकास के लिहाज से ऐतिहासिक बताया।

पत्रकारों के सवालों के जवाब में प्रभारी मंत्री विजय सिंह चौधरी ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार अपने पूरे पांच साल के कार्यकाल में जो कार्य नहीं कर पाई, उन्हें वर्तमान सरकार ने महज दो वर्षों में पूरा करके दिखाया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने सत्ता संभालते ही शिक्षा, किसान, चिकित्सा, युवा, विद्यार्थी और रोजगार जैसे बुनियादी क्षेत्रों को प्राथमिकता दी और ठोस निर्णय लेकर उन्हें धरातल पर उतारा।

उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में विद्यालयों और महाविद्यालयों के ढांचे को मजबूत किया गया है, विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। किसानों के हित में कृषि से जुड़े कार्यों, सिंचाई सुविधाओं और ग्रामीण विकास को गति दी गई है, जिससे किसान वर्ग को राहत मिली है।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में सरकारी अस्पतालों की सेवाओं में सुधार हुआ है, आमजन को बेहतर इलाज और जांच की सुविधाएं मिल रही हैं। युवाओं और विद्यार्थियों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा किए गए हैं और पारदर्शी प्रक्रियाओं के माध्यम से भर्तियों को आगे बढ़ाया गया है।

उन्होंने यह भी कहा कि जल आपूर्ति, सड़क निर्माण और अन्य आधारभूत विकास कार्यों को सरकार ने सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। इन कार्यों का सीधा लाभ ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लोगों को मिला है। सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उन्हें समय पर पूरा कर आमजन तक लाभ पहुंचाना है।

प्रभारी मंत्री विजय सिंह चौधरी ने कहा कि आने वाले समय में भी सरकार विकास की इसी रफ्तार को बनाए रखते हुए जनहित के कार्यों को और तेज करेगी।

पत्रकार वार्ता के दौरान कोटपूतली विधायक हंसराज पटेल, बानसूर विधायक देवी सिंह शेखावत, बहरोड़ विधायक जसवंत यादव, जयपुर ग्रामीण सांसद प्रतिनिधि देव आयुष सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

REPORT –SEETARAM GUPTA (KOTPUTLI)