MSME उद्यमियों के लिए वित्तीय प्रबंधन का गहन प्रशिक्षण: नीमराना में 5-दिवसीय राष्ट्रीय कार्यक्रम शुरू

मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद्र) नीमराना, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) क्षेत्र को वित्तीय रूप से सशक्त और प्रतिस्पर्धी बनाने के उद्देश्य से एमएसएमई विकास संस्थान, जयपुर (भारत सरकार), लघु उद्योग भारती, नीमराना एवं NIIT यूनिवर्सिटी, नीमराना के संयुक्त तत्वावधान में “MSME हेतु वित्तीय प्रबंधन” विषय पर पाँच दिवसीय राष्ट्रीय प्रबंधन विकास कार्यक्रम (MDP) का शुभारंभ आज सोमवार, 15 दिसंबर 2025 से NIIT यूनिवर्सिटी, नीमराना परिसर में किया गया।

कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता NIIT यूनिवर्सिटी, नीमराना के कुलपति प्रो. प्रकाश गोपालन ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में एसडीएम मुण्डावर सृष्टि जैन ने कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारिणी से के.के. यादव की विशेष उपस्थिति भी रही।

लघु उद्योग भारती, नीमराना के अध्यक्ष शशांक भारद्वाज ने बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए 60 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 35 प्रतिभागियों का चयन किया गया है। चयनित प्रतिभागियों को वित्तीय प्रबंधन, लागत नियंत्रण, कर योजना, निवेश मूल्यांकन सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर गहन एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे वे अपने उद्यमों का बेहतर संचालन कर सकें।

उन्होंने जानकारी दी कि कार्यक्रम की समस्त व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी लघु उद्योग भारती, नीमराना की ओर से सुनील कुमार जुनेजा द्वारा कुशलतापूर्वक निभाई जा रही है। वहीं NIIT यूनिवर्सिटी के प्रो. (डॉ.) गुरेन्द्र नाथ भारद्वाज द्वारा प्रतिभागियों के पंजीकरण, कार्यक्रम समन्वय एवं एमएसएमई विकास संस्थान के साथ समग्र समन्वय का कार्य किया जा रहा है, जिससे कार्यक्रम का संचालन सुचारु और प्रभावी रूप से सुनिश्चित हो सके।

आयोजकों के अनुसार यह पाँच दिवसीय राष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम MSME उद्यमियों को आधुनिक वित्तीय दृष्टिकोण से सशक्त बनाते हुए उन्हें आत्मनिर्भर और बाजार में अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।