एनआईआईटी यूनिवर्सिटी नीमराना में MSME प्रशिक्षण शिविर जारी, उद्यमियों को मिल रहा व्यावहारिक मार्गदर्शन

मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद) नीमराना, एनआईआईटी यूनिवर्सिटी परिसर में एमएसएमई, लघु उद्योग भारती नीमराना इकाई एवं एनआईआईटी यूनिवर्सिटी के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित पांच दिवसीय प्रशिक्षण शिविर सफलतापूर्वक जारी है। शिविर का उद्देश्य उद्यमियों, लघु एवं मध्यम उद्योगों से जुड़े लोगों तथा विद्यार्थियों को आधुनिक औद्योगिक तकनीकों, प्रबंधन कौशल एवं रोजगारोन्मुखी ज्ञान से सशक्त बनाना है।

लघु उद्योग भारती नीमराना इकाई के अध्यक्ष शशांक भारद्वाज, सचिव सुनील कुमार जुनेजा एवं एनआईआईटी यूनिवर्सिटी के कार्यक्रम समन्वयक गुरिंदर नाथ भारद्वाज ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में उद्योग-शिक्षा के समन्वय पर विशेष जोर दिया जा रहा है, जिससे प्रतिभागियों को व्यवहारिक अनुभव के साथ-साथ भविष्य की संभावनाओं की स्पष्ट समझ मिल सके।

शिविर के तीसरे दिन लघु उद्योग भारती के प्रांत सदस्य के.के. यादव मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को औद्योगिक संचालन से जुड़े नियम-कायदों, प्रशासनिक प्रक्रियाओं एवं व्यावसायिक अनुशासन के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

रैफल्स यूनिवर्सिटी अलाबार स्कूल ऑफ मैनेजमेंट के डीन प्रोफेसर डॉ. संजीव कुमार ने कार्यक्रम की उपयोगिता एवं एमएसएमई क्षेत्र में इस तरह के प्रशिक्षण शिविरों के महत्व पर प्रकाश डाला। शिविर के दौरान विशेषज्ञों द्वारा एमएसएमई योजनाओं, स्टार्टअप अवसरों, नवाचार, कौशल विकास, उद्यमिता एवं स्वरोजगार की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की जा रही है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले कर्मवीर योद्धाओं को माला व पटका पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर लघु उद्योग भारती नीमराना इकाई के पदाधिकारी, एनआईआईटी यूनिवर्सिटी के शिक्षाविद, स्थानीय उद्योग प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षार्थी उपस्थित रहे।