कोटपूतली-बहरोड़ पुलिस का बड़ा अभियान — मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई, सड़क हादसों पर लगेगा अंकुश

एसपी देवेंद्र कुमार बिश्नोई ने कहा– सड़क सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता, नशे में ड्राइविंग और ओवरस्पीडिंग पर जीरो टॉलरेंस

कोटपूतली-बहरोड़।

जिले में बढ़ते सड़क हादसों को रोकने के लिए कोटपूतली-बहरोड़ पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत विशेष सघन अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार बिश्नोई ने प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए कहा कि यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों पर किसी भी स्तर पर नरमी नहीं बरती जाएगी। बिना हेलमेट, बिना सीटबेल्ट, तेज गति, ओवरलोडिंग और शराब पीकर वाहन चलाने जैसे मामलों पर तुरंत चालान और सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

एसपी बिश्नोई ने बताया कि जिलेभर में विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो हाईवे और मुख्य मार्गों पर 24 घंटे नाकाबंदी और पेट्रोलिंग करेंगी। हादसों के लिए चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और वहां स्पीड गन, इंटरसेप्टर व कैमरे लगाए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि मोटर वाहन अधिनियम के उल्लंघन पर किसी भी वाहन चालक को बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं को रोकने के लिए “सेफ ड्राइव–सेव लाइफ” अभियान को स्थानीय स्तर पर जन आंदोलन का रूप दिया जा रहा है। पुलिस विभाग स्कूल-कॉलेजों, ट्रांसपोर्ट यूनियनों और सामाजिक संस्थाओं के साथ मिलकर लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर रहा है, ताकि आमजन स्वयं नियमों का पालन करें और दूसरों को भी प्रेरित करें।

एसपी बिश्नोई ने यह भी बताया कि परिवहन विभाग के साथ संयुक्त कार्रवाई की जा रही है। ओवरलोडिंग और अवैध रूप से संचालित वाहनों को तुरंत सीज किया जाएगा। साथ ही दुर्घटना होने पर “गोल्डन ऑवर” का लाभ सुनिश्चित करने के लिए 108 एंबुलेंस सेवा, नजदीकी अस्पताल और पुलिस कंट्रोल रूम के बीच समन्वय को और मजबूत किया गया है।

उन्होंने अपील की कि लोग वाहन चलाते समय पूरी सावधानी बरतें, मोबाइल फोन का उपयोग न करें और नशे की हालत में वाहन चलाकर अपनी तथा दूसरों की जान खतरे में न डालें। उन्होंने कहा, “हादसे केवल एक गलती का नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम की कमजोरी का परिणाम होते हैं। हम enforcement, engineering और education—तीनों स्तर पर काम कर रहे हैं और जनता का सहयोग इसमें सबसे अहम है।”

Report -seetaram gupta (kotputli)