मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद्र) नीमराना उपखंड शाहजहांपुर के महाजन मोहल्ले में शनिवार रात एक व्यापारी के घर पर चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। घटना उस समय हुई, जब परिवार दिल्ली में एक शादी समारोह में गया हुआ था। वारदात की जानकारी मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।

चोरों ने तोड़े ताले, लाखों रुपये के आभूषण और कीमती सामान चोरी
व्यापारी सत्य प्रकाश गुप्ता के घर चोरों ने मुख्य दरवाज़े और अंदरूनी कमरों के ताले तोड़कर लाखों रुपये के आभूषण और कीमती सामान को चोरी कर लिया। व्यापारी के पुत्र शांतनु गुप्ता ने बताया कि परिवार शनिवार को दिल्ली के कार्यक्रम में शामिल होने गया था। रविवार सुबह लगभग 8:45 बजे जब वे घर लौटे तो ताले टूटे हुए देखकर घटना की जानकारी हुई।

सीसीटीवी कैमरों में चोरों की गतिविधियां रिकॉर्ड
घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरों की गतिविधियां रिकॉर्ड मिली हैं। फुटेज में रात के समय कुछ संदिग्ध लोग घर में दाखिल होते दिखाई दे रहे हैं। चोरी की सूचना पर थाना प्रभारी प्रकृता मय जाप्ता मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का जायजा लिया।

पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने परिवार को निर्देश दिया है कि चोरी वाली जगह को फिलहाल न छुआ जाए, ताकि एसएफएल टीम मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटा सके। चोरी गए गहनों और सामान की कुल कीमत का आकलन जारी है। चूंकि सत्य प्रकाश गुप्ता का कस्बे में कपड़ों का बड़ा शोरूम है, ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने घर की पहले से रेकी की होगी और परिवार के बाहर होने की जानकारी पहले से जुटाई गई होगी।






