आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने स्वदेशी अपनाने का लिया संकल्प

जयपुर/दिल्ली, 04 अक्टूबर 2025। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ ने आत्मनिर्भर भारत अभियान के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण संकल्प लेते हुए कहा कि वे अपने दैनिक जीवन में अधिकतम स्वदेशी उत्पादों का उपयोग करेंगे और देशवासियों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। दिल्ली प्रवास के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने स्वदेशी उत्पादों के उपयोग के लिए संकल्प लिया कि “मैं, मदन राठौड़, भारत माता की सेवा और सम्मान के लिए यह संकल्प लेता हूँ कि अपने दैनिक जीवन में अधिकतम भारतीय उत्पादों का उपयोग करूँगा तथा आयातित वस्तुओं के स्थान पर देशी विकल्पों को अपनाऊँगा। मैं घर, कार्यस्थल और समाज में स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा दूँगा तथा युवाओं और बच्चों को स्वदेशी अपनाने के लिए प्रेरित करूँगा, ताकि नई पीढ़ी तक इसका महत्व पहुँच सके। मैं अपने पारिवारिक और सामाजिक जीवन में भारतीय भाषाओं का प्रयोग करूँगा तथा पर्यावरण के प्रति सजग रहकर स्वदेशी एवं प्रकृति-अनुकूल उत्पादों को प्राथमिकता दूंगा तथा भारत के पर्यटन स्थलों को प्रोत्साहित करूँगा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ का यह संकल्प आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में एक मजबूत कदम है, जो देश की आर्थिक मजबूती, सांस्कृतिक गौरव और पर्यावरणीय संतुलन को बढ़ावा देगा। राठौड़ ने समाज के सभी वर्गों से अपील की कि वे भी इस मुहिम से जुड़ें और स्वदेशी अपनाकर राष्ट्रनिर्माण में सहभागी बनें।

संयोजक, भाजपा प्रदेश मीडिया विभाग