बॉम्बे कॉटेज कंपनी ने दिवंगत कर्मचारी श्याम वाल्मीकि के परिवार को दी सात लाख रुपये की आर्थिक सहायता

मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद) नीमराना – बॉम्बे कॉटेज कंपनी, घिलोठ में कार्यरत रहे दिवंगत कर्मचारी श्याम वाल्मीकि की मृत्यु के बाद लंबे समय तक चली न्याय की लड़ाई शुक्रवार को समाप्त हुई। कंपनी प्रबंधन ने श्याम वाल्मीकि के पीड़ित परिवार को 7 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का चेक प्रदान किया। यह चेक दिवंगत श्याम वाल्मीकि की पत्नी एवं परिवारजनों को उनके घर पर आकर सौंपा गया।

इस अवसर पर समाजसेवी गिर्राज यादव, संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष नहार सिंह, संदीप पंडत, शैतान सिंह मीणा, और वाल्मीकि समाज के अनिल वाल्मीकि, जीवन, कुलदीप, पूर्व पंच लखन, दयाराम, मनोज, महेन्द्र सहित बड़ी संख्या में वाल्मीकि समाज के लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान समाजसेवी संदीप पंडत सिरयानी ने पीड़ित परिवार को अपनी ओर से 21 हजार रुपये की अतिरिक्त आर्थिक सहायता प्रदान की और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मौके पर मौजूद सभी लोगों एवं पीड़ित परिवार ने आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने पर बॉम्बे कॉटेज कंपनी घिलोठ प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।

यह सहायता उस संघर्ष की जीत है, जो न्याय और इंसाफ के लिए लड़ा गया। श्याम वाल्मीकि के परिवार को यह आर्थिक सहायता उनके जीवन को संबल प्रदान करेगी और उनके बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने में मदद करेगी।