मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद्र) नीमराना औद्योगिक क्षेत्र से निकलने वाले गंदे और केमिकल युक्त पानी की निकासी अब स्थानीय गांवों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले माधोसिंहपुरा और प्रतापसिंहपुरा गांवों के ग्रामीणों ने बुधवार को इस गंभीर समस्या को लेकर उपखंड अधिकारी महेंद्र सिंह यादव को ज्ञापन सौंपा और त्वरित समाधान की मांग की।

ग्रामीणों ने बताया कि औद्योगिक इकाइयों, विशेषकर लिबर्टी कंपनी क्षेत्र से गंदा और रासायनिक तत्वों से युक्त पानी लगातार गांवों की ओर बहकर इकट्ठा हो रहा है। इससे न केवल गांव की गलियों में जलभराव हो गया है, बल्कि स्वच्छता और स्वास्थ्य संकट भी गहराता जा रहा है। बारिश के मौसम में यह स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जिससे लोगों का निकलना दूभर हो गया है।

ज्ञापन में यह भी बताया गया कि लिबर्टी कंपनी के पास से गांव की ओर जाने वाला मुख्य रास्ता पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है और उसमें गहरे गड्ढे हो गए हैं। बारिश के कारण इन गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे राहगीर गिरकर घायल हो रहे हैं। नीमराना नगर पालिका उपाध्यक्ष हरिसिंह सैनी और कांग्रेस नगर अध्यक्ष एडवोकेट वेदप्रकाश सैनी ने कहा कि नगर पालिका अधिशासी अधिकारी को कई बार इस समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकाला गया। उन्होंने उपखंड अधिकारी से शीघ्र कार्यवाही कर औद्योगिक क्षेत्र से गंदे पानी की निकासी की स्थायी व्यवस्था करने और रास्ते की मरम्मत की मांग की।
ज्ञापन सौंपने वालों में हरिसिंह सैनी (उपाध्यक्ष, नगर पालिका), एडवोकेट वेदप्रकाश सैनी (कांग्रेस नगर अध्यक्ष), संजय सैनी, कैलाश सैनी, संदीप सैनी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे उग्र आंदोलन का रास्ता अपनाने पर मजबूर होंगे।





