LATEST NEWS

MARUDHARHIND NEWS

बालकों ने सीखा सेवा, संस्कार और सृजन – मुकेश गोयल”

स्काउट-गाइड अभिरुचि शिविर का भव्य समापन,

शतरंज, योग, कंप्यूटर, नृत्य, कराटे सहित 12 अभिरुचियों में बालकों ने दिखाया कौशल,

कोटपूतली।
राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड, स्थानीय संघ कोटपूतली के तत्वावधान में 17 मई 2025 से आयोजित एक माह के ग्रीष्मकालीन कौशल विकास एवं अभिरुचि शिविर का भव्य समापन समारोह आज सरदार राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कोटपूतली के सभागार में गरिमामयी वातावरण में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं स्काउट प्रार्थना के साथ हुआ। इसके पश्चात मंच पर उपस्थित समस्त मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथियों का स्कार्फ़ पहनाकर, माला पहनाकर व प्रतीक चिन्ह भेंट कर भावभीना स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथि स्काउट गाइड जिला जयपुर के प्रधान मुकेश गोयल ने बालकों को संबोधित करते हुए कहा की स्काउटिंग न केवल चरित्र निर्माण करती है बल्कि बच्चों को अनुशासन, नेतृत्व और सेवा का वास्तविक अर्थ सिखाती है। इस शिविर ने इन मूल्यों को गहराई से बच्चों के जीवन में रोपित किया है।”
कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी एवं भाजपा नेता दिनेश मित्तल ने की। उन्होंने कहा की इस शिविर ने कोटपूतली के सैकड़ों बालकों के आत्मविश्वास को नया आयाम दिया है। संस्कार और सृजन की ऐसी पाठशालाएं ही राष्ट्र निर्माण की नींव हैं।”
विशिष्ट अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) रामसिंह यादव ने कहा की
शिक्षा केवल अंक तक सीमित नहीं होनी चाहिए। स्काउटिंग व अभिरुचि शिविर बच्चों में व्यवहारिक ज्ञान, आत्मानुशासन और रचनात्मकता को निखारने का श्रेष्ठ माध्यम है।प्रधानाचार्य एवं शिविर निदेशक मनोरमा यादव ने शिविर प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस शिविर में शतरंज, योग, हारमोनियम, पेंटिंग, मेहंदी, सिलाई, ब्यूटीशियन, नृत्य, जूडो कराटे, इंग्लिश स्पोकन और कंप्यूटर जैसी कुल 12 अभिरुचियों का संचालन दक्ष प्रशिक्षकों द्वारा किया गया। प्रत्येक अभिरुचि में बच्चों ने रचनात्मक प्रदर्शन करते हुए पूर्ण उत्साह और समर्पण दिखाया। संघ प्रधान मनोज चौधरी ने कहा कि स्काउटिंग जीवन में अनुशासन, समर्पण और सेवा के माध्यम से बच्चों को सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ती है।
सहायक जिला कमिश्नर भागीरथ सिंह मीणा ने कहा कि बालकों की ऊर्जा और सृजनात्मकता को दिशा देने का श्रेष्ठ मंच स्काउट शिविर हैं। जे.पी. कोटिया ने कहा कि शिविर ने बालकों को सामाजिक समरसता और सहयोग की भावना से जोड़ा है।

कार्यक्रम में प्राचार्य हंसराज यादव और स्थानीय संघ सचिव सचिन रामवीर यादव ने संयुक्त रूप से मंच संचालन किया। इस अवसर पर उपस्थित अभिभावकों ने भी बच्चों के प्रदर्शन को देखकर गौरव और प्रसन्नता व्यक्त की। वही भामाशाह एवं प्रधानाचार्य रामनिवास गुर्जर ने समस्त का आभार प्रकट करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए धन्यवाद प्रेषित किया

शिविर में लगातार एक माह से सेवाएं दे रहे शिविर संचालक एवं प्रशिक्षकों – अतुल कुमार आर्य, अजय कुमार छिपी, देवराज कुमावत, सुरेंद्र सैनी, जय सिंह यादव, दिग्विजय सिंह, राजकुमार पालीवाल, पप्पू राम यादव, राहुल सैनी, रजत सैनी, रामरतन सैनी, पूनम जांगिड़, शबनम फरीन, आदित्य शर्मा, बबीता, संदीप कुमार जांगिड़ सहित अन्य स्काउट रोवर, रेंजर व सेवा कार्यकर्ताओं को प्रतीक चिन्ह व प्रमाण पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।

बालकों की प्रस्तुतियों में नृत्य, योग, कंप्यूटर प्रोजेक्ट, मेहंदी कला, पेंटिंग, कराटे प्रदर्शन व शतरंज मुकाबले विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। विजयी प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पर स्मृति चिन्ह व प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।

समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

इस शिविर ने सिद्ध कर दिया कि जब शिक्षा में अभ्यास, अनुशासन, सेवा और अभिरुचियों का संगम होता है तो बालक केवल छात्र नहीं, बल्कि जिम्मेदार और सशक्त नागरिक के रूप में उभरते हैं। कोटपूतली के इस शिविर ने बालकों के जीवन में ऐसा ही सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है।

कार्यक्रम में प्रतिभाओं एवं भामाशाहों का सम्मान करते एवं मंचस्थ अतिथि

REPORT-SEETARAM GUPTA