नीमराना में मतदाता पुनरीक्षण में अनियमितताओं का आरोप, नगर कांग्रेस ने तहसीलदार व एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद) नीमराना। राजस्थान में चल रही मतदाता पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के दौरान कथित अनियमितताओं को लेकर नीमराना नगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट वेदप्रकाश सैनी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तहसीलदार विक्रम सिंह एवं उपखंड अधिकारी महेंद्र यादव को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों एवं इलेक्टोरल मैनुअल 2023 के नियमों के विपरीत बड़ी संख्या में फॉर्म-6, 7 एवं 8 बल्क में जमा किए गए हैं। जबकि नियमों के अनुसार व्यक्तिगत मतदाता केवल एक ही आवेदन प्रस्तुत कर सकता है और मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को भी सीमित संख्या में ही आवेदन जमा करने की अनुमति है।


नगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट वेदप्रकाश सैनी ने बताया कि जानकारी के अनुसार एक ही दिन में सैकड़ों से लेकर हजारों की संख्या में फॉर्म-7 एवं फॉर्म-6 जमा किए गए, जो स्पष्ट रूप से निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन है। उन्होंने मांग की कि ऐसे सभी नियमविरुद्ध आवेदनों पर किसी भी प्रकार की संज्ञानात्मक कार्रवाई न की जाए।

ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि नियमों के विपरीत आवेदन प्रस्तुत करने वाले व्यक्तियों एवं संगठनों के विरुद्ध प्राथमिक दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए तथा जमा किए गए फॉर्म-6, 7 एवं 8 की संकलित सूची नियमानुसार उपलब्ध कराई जाए। कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से इस गंभीर विषय पर शीघ्र संज्ञान लेते हुए निष्पक्ष एवं पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

इस अवसर पर नगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट वेद प्रकाश सैनी,उपाध्यक्ष संजय कुमार यादव,महावीर प्रसाद चर्खिया,अशोक दौराता, सचिव संजय यादव, श्योचंद उर्फ भरतरी, कृष्ण प्रजापति, सुरेंद्र सेन, पर्यावरण विद् भूपेंद्र चौहान, भीम सिंह सोनी, दीपक पटेल, विनय शर्मा, धर्मवीर रेवाड़िया, संजय सैनी सहित काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।