
मरुधर हिंद न्यूज (रमेशचंद) नीमराना पुलिस थाना परिसर में बुधवार को कोटपूतली-बहरोड़ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार विश्नोई की अध्यक्षता में सीएलजी (कम्युनिटी लायजन ग्रुप) सदस्यों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
सीएलजी सदस्यों ने रात्रि के समय पुलिस गश्त बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। साथ ही नीमराना फ्लाईओवर के नीचे लगने वाले जाम से आमजन को राहत दिलाने और मुख्य बाजार में बार-बार लगने वाले यातायात जाम की समस्या के स्थायी समाधान की मांग रखी। बैठक में यह भी सुझाव दिया गया कि रात्रि के समय बाजार की दुकानों का समय निर्धारित किया जाए तथा संदिग्ध एवं अनजान व्यक्तियों की सूचना तुरंत पुलिस को दी जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

पूर्व सरपंच अशोक मुद्गल ने मुख्य बाजार में दुकानों के संचालन का समय तय करने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उनका कहना था कि समय निर्धारण से यातायात व्यवस्था सुचारू रहेगी और सुरक्षा प्रबंधन भी बेहतर होगा।

पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार विश्नोई ने सभी सुझावों को गंभीरता से लेते हुए आश्वस्त किया कि जनहित से जुड़े मुद्दों पर पुलिस प्राथमिकता से कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और रात्रि सुरक्षा को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।

बैठक में एएसपी सुरेश खींची, डीएसपी चारुल गुप्ता, शाहजहांपुर थाना अधिकारी प्रकीता सिंह, थानाधिकारी राजेश मीणा, पूर्व सरपंच अशोक मुद्गल, सतीश मुद्गल, सामाजिक कार्यकर्ता सुनील चौहान, सतीश गुर्जर, अशोक सैनी, युवा नेता अशोक दोराता, कर्मपाल चौहान, जयभारत सोनी, लीगल एडवाइजर काजल, किरण सामरिया सहित अनेक सीएलजी सदस्य उपस्थित रहे।






